गॉल, 18 अगस्त (भाषा) देवदत्त पडिक्कल अर्धशतक से चूक गए लेकिन उनकी 44 रन की परी की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन मंगलवार को यहां लंच तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 116 रन बनाए।
भारत ने अपनी पहली में 462 रन बनाए थे जिसके जवाब में श्रीलंका 284 रन ही बना पाया था। इस तरह से पहली पारी में 178 रन की बढ़त हासिल करने वाले भारत की कुल बढ़त 294 रन हो गई है।
लंच के समय ऋषभ पंत 21 और ध्रुव जुरेल पांच रन पर खेल रहे थे। भारत ने सुबह अपनी दूसरी पारी शुरू की तथा पहले सत्र में यशस्वी जायसवाल (00), केएल राहुल (35), कप्तान शुभमन गिल (आठ) और पडिक्कल (44) के विकेट गंवाए।
श्रीलंका की तरफ से प्रभात जयसूर्या ने दो जबकि असिथा फर्नांडो और केशारा नुवांता ने एक एक विकेट लिया है।
पहली पारी में 167 रन बनाने वाले पडिक्कल एक बार फिर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे, लेकिन वह पहले सत्र के आखिरी क्षणों में आउट हो गए।
भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि यशस्वी जायसवाल ने पहले ही ओवर में ही तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे दिया। जायसवाल खाता भी नहीं खोल पाए।
जायसवाल को अब बड़ी पारी खेलने की जरूरत है क्योंकि पिछली आठ टेस्ट पारियों में उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक बनाया है। अभी केवल एक प्रारूप में खेल रहे इस सलामी बल्लेबाज को टीम को ठोस शुरुआत देने का जिम्मा सौंपा गया है।
केएल राहुल हमेशा की तरह शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने अपनी पारी में आक्रामक अंदाज अपनाकर प्रभात जयसूर्या पर दो छक्के जड़े। डीआरएस के कारण पगबाधा होने से बचने वाले राहुल ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। वह जयसूर्या की गेंद पर कैच आउट हो गए।
कप्तान शुभमन गिल भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। जयसूर्या ने उन्हें पगबाधा आउट किया।
श्रीलंका के दिनेश चांदीमल सीमा रेखा पर क्षेत्ररक्षण करते समय कंधे में चोट लगने के कारण मैदान से बाहर चले गए। उन्हें एहतियाती जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
इस बीच पडिक्कल ने स्पिनरों की गेंदों पर आसानी से स्वीप और कट शॉट खेलकर कुछ महत्वपूर्ण रन बनाए। उन्हें नुवांता ने पगबाधा आउट किया। पडिक्कल ने डीआरएस का सहारा लिया लेकिन इससे कोई फायदा नहीं हुआ।
भाषा
पंत
पंत