बल्ले और गेंद के बीच संतुलन क्रिकेट के लिये अहम : एमसीसी अधिकारी

बल्ले और गेंद के बीच संतुलन क्रिकेट के लिये अहम : एमसीसी अधिकारी

बल्ले और गेंद के बीच संतुलन क्रिकेट के लिये अहम : एमसीसी अधिकारी
Modified Date: September 30, 2026 / 05:54 pm IST
Published Date: September 30, 2026 5:54 pm IST

…अमित आनंद और हिमांक नेगी….

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने बुधवार को कहा कि क्रिकेट में बल्ले और गेंद में संतुलन अहम है और नियमों में ताजा बदलाव का जिक्र किया जिनका मकसद फील्डिंग टीम को भी फायदा पहुंचाना है । दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) द्वारा अंपायरों और क्रिकेट अधिकारियों के लिए विशेष कार्यशाला से इतर उन्होंने कहा कि एमसीसी खेल में संतुलन पर नजर रखे रहेगी क्योंकि खेल का झुकाव बल्लेबाजों की ओर अधिक हो गया है । उन्होंने भाषा से कहा, ‘‘ बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे को सीमित करने के उद्देश्य से एमसीसी ने 2017 में बल्ले के लिए निर्धारित अधिकतम आकार में कमी की थी। आधुनिक बल्लेबाजों की बढ़ती ताकत और आक्रामक शैली को देखते हुए बल्ले और गेंद के बीच संतुलित मुकाबला सुनिश्चित करना अब भी महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इसी दिशा में नए नियमों में बहुदिवसीय मैच के दिन के अंतिम ओवर से जुड़ा एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नये नियम के अनुसार, दिन के खेल के अंतिम ओवर की आखिरी गेंद से पहले अगर विकेट गिरता है तो नया बल्लेबाज मैदान पर आएगा और उस ओवर की बची हुई गेंदों का सामना करेगा। इससे गेंदबाजी करने वाली टीम को दिन के महत्वपूर्ण चरण में विकेट हासिल करने का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।’’ इस मौके पर हिन्दी में ‘लॉज ऑफ क्रिकेट’ ऐप भी लॉन्च किया गया। एमसीसी के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने कहा कि संस्था का उद्देश्य क्रिकेट के नियमों को दुनिया भर के खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों के लिए अधिक सरल, स्पष्ट और सुलभ बनाना है। स्टीवर्ट ने ‘भाषा’ से कहा, ‘‘ एमसीसी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ मिलकर क्रिकेट के नियमों का कई भाषाओं में अनुवाद किया है। एमसीसी का नया ‘लॉज ऑफ क्रिकेट’ ऐप भी लॉन्च किया गया है, जिसमें नियम अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू में उपलब्ध हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारत की अन्य भाषाओं में भी नियम उपलब्ध कराने पर काम जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘ क्रिकेट एक जटिल खेल है और कई बार इसके नियमों को समझना मुश्किल हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एमसीसी ने नयी वेबसाइट, ऐप और ‘ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म’ शुरू किये हैं, ताकि लोग नियमों को आसानी से समझ सकें।’’ डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा ,‘‘ डीडीसीए में सभी उत्साहित हैं कि यहां एमसीसी की कार्यशाला आयोजित की गई जिससे हमारे अंपायरों को फ्रेजर स्टीवर्ट और जॉनी सिंगर से सीधे संवाद का मौका मिला । इसके साथ ही एमसीसी क्रिकेट नियमों के ऐप की हिन्दी में उपलब्धता से अब वृहद क्रिकेट समुदाय को इन नियमों की जानकारी सुलभ हो सकेगी ।’’ दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के निदेशक श्याम शर्मा ने एमसीसी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘ कार्यशाला से अंपायरों और क्रिकेट अधिकारियों को नियमों में हुए ताजा बदलावों से अपडेट रहने में मदद मिलेगी।’’ भाषा आनन्द मोनामोना


लेखक के बारे में