बिंद्रा, सिंधू, मांडविया ने लक्ष्य की तारीफ की
बिंद्रा, सिंधू, मांडविया ने लक्ष्य की तारीफ की
नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) ओलंपिक पदक विजेता अभिनव बिंद्रा और पी वी सिंधू ने आल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप में उपविजेता रहे लक्ष्य सेन की तारीफ की ।
लक्ष्य को फाइनल में चीनी ताइपै के लिन चुन यी ने 21 . 15, 22 . 20 से हराया ।
बिंद्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा ,‘‘ खेलों की हर प्रेरणास्पद कहानी का अंत ट्रॉफी के साथ नहीं होता । पिछले कुछ दिनों में लक्ष्य सेन ने दिखाया कि साहस, दृढता और आत्मविश्वास क्या होता है ।’’
उन्होंने लिखा ,‘‘उन्होंने कुछ असाधारण जीत और शरीर में दर्द के बावजूद एक और आल इंग्लैंड फाइनल खेला जो नतीजे से अहम था । उन्होंने भारत के युवाओं को दिखाया कि महानता सिर्फ जीतने में नहीं बल्कि प्रयासों में, खुद पर भरोसे की ताकत में और जुझारूपन की गरिमा में होती है । मुझे तुम पर गर्व है ।’’
सिंधू ने एक्स पर लिखा ,‘‘ लिन चुन यी जीत गए । इतने लंबे सेमीफाइनल से 24 घंटे के भीतर फाइनल खेलना कभी आसान नहीं होता ।’’
उन्होंने लिखा ,‘‘ मुझे याद है कि 2021 आल इंग्लैंड ओपन में अकाने यामागुची के खिलाफ लंबा क्वार्टर फाइनल खेला था और अगले दिन पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ सेमीफाइनल था । यह कभी आसान नहीं होता ।’’
उन्होंने लिखा ,‘‘ लक्ष्य ने बेहतरीन प्रदर्शन किया । शि युकी और लि शिफेंग को हराना यह साबित करता है ।’’
खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा ,‘‘ हार्ड लक लक्ष्य । इतना करीबी फाइनल मुकाबला हारने के बावजूद शानदार प्रदर्शन । यह आपका आल इंग्लैंड में दूसरा फाइनल था और हमारे लिये यह उपलब्धि गर्व और खुशी की है । अभी बहुत आगे जाना है । पूरे देश को तुम पर गर्व है ।’’
भाषा मोना नमिता
नमिता

Facebook


