मुक्केबाज सचिन और नरेंदर आगे बढ़े

Ads

मुक्केबाज सचिन और नरेंदर आगे बढ़े

  •  
  • Publish Date - September 26, 2023 / 07:28 PM IST,
    Updated On - September 26, 2023 / 07:28 PM IST

हांगझोउ, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच (57 किग्रा) और नरेंदर बेरवाल (92 किग्रा से अधिक ) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को यहां एशियाई खेलों में क्रमशः प्री क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

सचिन ने इंडोनेशिया के असरी उदिन पर 5-0 से जीत दर्ज की, जबकि नरेंदर ने किर्गिस्तान के एलचोरो उलू ओमाटबेक को पहले राउंड में ही नॉकआउट कर दिया।

सचिन ने मुकाबले में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और अपने अच्छे फुटवर्क से इंडोनेशिया के खिलाड़ी के आक्रमण को नाकाम किया। मुकाबला आगे बढ़ने के साथ 2021 के विश्व युवा चैंपियन सचिन ने बेहतर खेल दिखाया और अपने प्रतिद्वंदी को आसानी से पराजित किया।

अब उनका सामना कुवैत के तुर्की अबुकुतेलाह से होगा।

नरेंदर ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एलचोरो पर शानदार जीत दर्ज की। उनका अगला मुकाबला ईरान के रमज़ानपुर डेलावर से होगा।

भाषा पंत सुधीर

सुधीर