एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के लिए ब्रैंडन और अशीर राष्ट्रीय शिविर में बुलाया गया

एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के लिए ब्रैंडन और अशीर राष्ट्रीय शिविर में बुलाया गया

एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के लिए ब्रैंडन और अशीर राष्ट्रीय शिविर में बुलाया गया
Modified Date: September 19, 2025 / 04:49 pm IST
Published Date: September 19, 2025 4:49 pm IST

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) भारतीय फुटबॉल टीम प्रबंधन ने सिंगापुर के खिलाफ होने वाले एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर मुकाबलों के लिए मिडफील्डर ब्रैंडन फर्नांडिस और डिफेंडर अशीर अख्तर को राष्ट्रीय शिविर में शामिल होने के लिए बुलाया है।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों के अलावा ब्रैंडन फर्नांडिस और अशीर अख्तर को भी राष्ट्रीय शिविर में बुलाया गया है। ’’

भारत हाल में सीएएफए नेशंस कप में तीसरे स्थान पर रहा था। मुख्य कोच खालिद जमील ने सिंगापुर के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए रविवार को 30 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा की थी जिसमें करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री भी शामिल हैं।

राष्ट्रीय शिविर शनिवार से बेंगलुरु में शुरू होने वाला है। भारत 2027 एशियाई कप क्वालीफायर के अंतिम दौर में नौ अक्टूबर को और 14 अक्टूबर को मैच खेलेगा। इन दोनों मैचों के लिए टीम का चयन इन संभावित खिलाड़ियों में से किया जाएगा।

मानोलो मार्केज की जगह लेने वाले जमील का राष्ट्रीय टीम के साथ पहला टूर्नामेंट सीएएफए नेशंस कप था जिसमें छेत्री को आराम दिया गया था।

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में