विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक-2026 संपन्न

विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक-2026 संपन्न

विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक-2026 संपन्न
Modified Date: August 22, 2026 / 08:51 pm IST
Published Date: August 22, 2026 8:51 pm IST

विशाखापत्तनम, 22 अगस्त (भाषा) खेल मंत्रालय और भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) युवा मंत्रियों की बैठक शनिवार को यहां संपन्न हो गई।

बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने की। इसमें खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे और युवा कार्य विभाग के सचिव सुनील पालीवाल भी मौजूद रहे।

मंत्रिस्तरीय बैठक में ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन और ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक के निष्कर्षों को आगे बढ़ाते हुए चर्चा की गई। इन बैठकों से सामने आए सुझावों और विचारों ने मंत्रिस्तरीय विचार-विमर्श के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार किया।

मांडविया ने प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वर्ष 2047 के लिए ‘विजन डॉक्यूमेंट’ तैयार किया है, जब देश अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा। प्रधानमंत्री ने बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले एक लाख युवा नेताओं को तैयार करने का आह्वान किया है, ताकि वे देश को इस विजन को साकार करने की दिशा में आगे ले जा सकें।’’

मांडविया ने कहा, “इसी भावना के अनुरूप हमने कई पहल शुरू की हैं। हमने ‘एमवाई भारत’ को स्वयंसेवा, सीखने, नेतृत्व और नागरिक भागीदारी के लिए एकल मंच के रूप में स्थापित किया है। आज 2.5 करोड़ से अधिक युवा इस मंच पर पंजीकृत हैं और सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।”

इस बैठक में ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के युवा प्रतिनिधियों, युवा नेताओं, नीति-निर्माताओं और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक ने युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और सामूहिक प्रयास के लिए मंच उपलब्ध कराया।

बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के युवा मामलों से जुड़े मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने युवा सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही नीतिगत विचारों का आदान-प्रदान किया गया और सतत एवं समावेशी विकास में युवाओं की भूमिका को मजबूत करने से जुड़ी प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में