टॉटन, तीन जून (भाषा) एलिस कैप्सी की 82 रन की तूफानी पारी और हीथर नाइट की नाबाद 70 रन की सधी पारी की बदौलत इंग्लैंड ने यहां तीसरे और अंतिम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को छह विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर पांच विकेट पर 180 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (11) और स्मृति मंधाना (08) के जल्दी आउट होने के बाद भारत की तरफ से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 गेंद पर सात चौकों की मदद से नाबाद 56 रन की पारी खेली।
हरमनप्रीत के अलावा ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (24 गेंद पर नाबाद 32), यास्तिका भाटिया (18 गेंद पर 32) और जेमिमा रोड्रिग्स (19 गेंद पर 29) ने भी उपयोगी योगदान देकर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
लेकिन कैप्सी और नाइट की शानदार पारियों के कारण यह स्कोर पर्याप्त साबित नहीं हुआ तथा इंग्लैंड ने 18.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया।
अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ ने भारत की तरफ से दो-दो विकेट लिए। इन दोनों की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 38 रन था। कैप्सी और नाइट ने यहीं से चौथे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की जिससे इंग्लैंड इस प्रारूप में अपना दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा।
भारत को इस हार के बाद महिला टी20 विश्व कप से पहले अपने कमजोर पक्षों में सुधार करने की जरूरत होगी। भारतीय टीम विश्व कप में अपनी पहले मैच में 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान का सामना करेगी।
इंग्लैंड ने पावर प्ले के दौरान ही सलामी बल्लेबाज सोफिया डंकली (16), डैनी व्याट-हॉज (05) और एमी जोन्स (02) के विकेट गंवा दिए थे।
टीम में वापसी करने वाली तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड को शुरुआती झटके देते हुए हॉज और जोन्स को आउट किया। हॉज एक बेहतरीन गेंद पर आउट हुईं जो अंदर की ओर स्विंग होकर उनके स्टंप्स को झकझोर गई।
इसके बाद कैप्सी और नाइट ने बखूबी जिम्मेदारी संभाली। कैप्सी ने अपनी 43 गेंदों की पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए जबकि नाइट की 42 गेंदों की पारी में 10 चौके शामिल हैं।
भाषा
पंत
पंत