पावर प्ले के बाद जीत को लेकर आश्वस्त हो गये थे: चहल

पावर प्ले के बाद जीत को लेकर आश्वस्त हो गये थे: चहल

पावर प्ले के बाद जीत को लेकर आश्वस्त हो गये थे: चहल
Modified Date: April 25, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: April 25, 2026 9:59 pm IST

… अमित आनंद …

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की छह विकेट की जीत के बाद शनिवार को यहां कहा कि उनके सलामी बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ पारी से वे शुरुआती छह ओवर के बाद ही जीत को लेकर आश्वस्त हो गए थे। दिल्ली कैपिटल्स ने दो विकेट पर 264 रन बनाए, लेकिन पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 265 रन बनाकर आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की 26 गेंदों में 76 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर की 36 गेंदों में नाबाद 71 रन की पारी की बदौलत टीम ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब के बल्लेबाजों ने पावर प्ले में बिना किसी नुकसान के 116 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन ने पहले विकेट के लिए प्रियांश आर्य के साथ 42 गेंदों में 128 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रख दी। मैच के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चहल ने माना कि दिल्ली जैसे छोटे मैदान में गेंदबाजी आसान नहीं होती है। चहल ने कहा, “यहां गेंदबाजी करना इतना आसान नहीं है, लेकिन हमारी सोच सकारात्मक थी। जिस तरह हमारे सलामी बल्लेबाज खेल रहे थे, उससे हमेशा यह भरोसा रहता है कि हम बड़े लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं।” उन्होंने टीम की आक्रामक शुरुआत की सराहना करते हुए कहा, “पिछले साल हम उपविजेता थे और इस बार शिविर में आने के बाद से ही सभी सकारात्मक बातें कर रहे थे। इस प्रदर्शन का श्रेय हम प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य को देना चाहेंगे। जब आप शुरुआती छह ओवर में लय बना लेते हैं तो मध्यक्रम पर ज्यादा दबाव नहीं आता। आज हमने पावर प्ले में 118 रन बना लिए थे।” छोटे मैदान पर गेंदबाजी की कठिनाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “यह छोटा मैदान है, यहां लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं होता। गेंदबाजी काफी मुश्किल है।” प्रभसिमरन की बल्लेबाजी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “उन्हें गेंदबाजी करना काफी मुश्किल है। लोग हेनरिख क्लासेन और निकोलस पूरन की बात करते हैं, लेकिन मैंने अभ्यास मैचों में प्रभसिमरन को गेंदबाजी की है और वह भी उतने ही खतरनाक हैं, खासकर पावर प्ले में।” उन्होंने कहा, “उसने पिछले दो-तीन साल में काफी मेहनत की है। गेंदबाज के तौर पर मैं खुश हूं कि वह मेरी टीम में है।” चहल ने कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ करते हुए कहा, “श्रेयस गेंदबाजों को सिर्फ योजना बताते हैं और उन पर भरोसा करते हैं। बल्लेबाजी में उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। जब दिल्ली ने 264 रन बना लिए थे, तब भी उनके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। वे लक्ष्य हासिल करने को लेकर आश्वस्त थे।” भाषा आनन्द नमितानमिता


लेखक के बारे में