क्रिस्पिन छेत्री की भारतीय महिला फुटबॉल टीम के कोच के तौर पर वापसी
क्रिस्पिन छेत्री की भारतीय महिला फुटबॉल टीम के कोच के तौर पर वापसी
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला फुटबॉल टीम के मुख्य कोच के तौर पर वापसी करने वाले क्रिस्पिन छेत्री ने कीनिया में होने वाले फीफा सीरीज 2026 टूर्नामेंट के लिए 22 सदस्यीय टीम की घोषणा की है।
शनिवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की तकनीकी समिति ने छेत्री के कोस्टा रिका की अमेलिया वाल्वरडे की जगह लेने की सिफारिश की थी जिनका संक्षिप्त कार्यकाल हाल ही में समाप्त हुआ था।
एआईएफएफ ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘क्रिस्पिन छेत्री को भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के तौर पर फिर से नियुक्त किया गया है। छेत्री ने इस मैत्री टूर्नामेंट के लिए 22 सदस्यीय टीम की घोषणा की है।’’
छेत्री ऑस्ट्रेलिया में 2026 महिला एशियाई कप के लिए राष्ट्रीय टीम के क्वालीफाइंग अभियान के दौरान टीम का मार्गदर्शन कर रहे थे। एआईएफएफ ने हालांकि जनवरी में अमेलिया को इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में टीम का मार्गदर्शन करने के लिए नियुक्त किया था जो पिछले महीने समाप्त हुआ था। उस दौरान छेत्री सहायक कोच की भूमिका में थे।
भारत के ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाने और अपने तीनों मैच हारने के बाद एआईएफएफ ने अमेलिया के अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया जो एशियाई कप के अंत तक ही वैध था।
आईएम विजयन की अध्यक्षता वाली तकनीकी समिति ने सिफारिश की कि कोस्टा रिका की कोच की जगह लेने के लिए भारतीय नामों पर विचार किया जाए।
बाइस सदस्यीय टीम और सहयोगी स्टाफ के सदस्य अप्रैल की फीफा अंतररराष्ट्रीय महिला मैच विंडो के दौरान होने वाले चार देशों के टूर्नामेंट के लिए मंगलवार को नैरोबी पहुंच गए।
भारतीय टीम 11 अप्रैल को सेमीफाइनल में मेजबान कीनिया का सामना करेंगी जबकि ऑस्ट्रेलिया और मलावी उसी दिन दूसरे सेमीफाइनल में भिड़ेंगे।
सेमीफाइनल की विजेता और उपविजेता टीमें क्रमशः 15 अप्रैल को फाइनल और तीसरे स्थान के लिए होने वाले प्ले ऑफ मैच में आमने-सामने होंगी।
सभी मैच नैरोबी के न्यायो नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।
टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: अद्रिजा सरखेल, लिंथोइंगांबी देवी माइबम, श्रेया हुड्डा।
डिफेंडर: अस्तम उरांव, जूली किशन, मार्टिना थोकचोम, निर्मला देवी फंजौबम, पूर्णिमा कुमारी, सरिता युम्नाम।
मिडफील्डर: अवेका सिंह, बबीना देवी लिशम, जसोदा मुंडा, प्रियदर्शिनी सेलादुरई, प्रियंगका देवी नाओरेम, सैनफिडा नोंग्रम, शिल्की देवी हेमम।
फारवर्ड: करिश्मा शिरवोइकर, काव्या पक्कीरिसामी, लिंडा कोम सेर्टो, मालविका पी, प्यारी शाशा, रिम्पा हलधर।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


