दिल्ली के वरिष्ठ फुटबॉल प्रशासक एन के भाटिया का निधन

Ads

दिल्ली के वरिष्ठ फुटबॉल प्रशासक एन के भाटिया का निधन

  •  
  • Publish Date - October 4, 2025 / 04:21 PM IST,
    Updated On - October 4, 2025 / 04:21 PM IST

नयी दिल्ली, चार अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के वरिष्ठ फुटबॉल प्रशासक एन के भाटिया का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को यहां निधन हो गया ।

भाटिया उम्र से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे थे और उन्हें शहर के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था ।

फुटबॉल दिल्ली के उपाध्यक्ष रहे भाटिया ने दिल्ली में खेल की बेहतरी के लिये अथक काम किया । वह दिल्ली फुटबॉल संघ के सचिव भी थे ।

वह अखिल भारतीय फुटबॉल महसंघ की स्थायी समितियों में विभिन्न पदों पर रहे । सत्तर के दशक से खेल प्रशासन में सक्रिय भाटिया दिल्ली फुटबॉल संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष रहे ।

उनके पद पर रहते दिल्ली में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट हुए ।

भाटिया यह सुनिश्चित करते थे कि खेल पत्रकारों को समय पर मैच का ब्यौरा मिल जाये । इसके साथ ही अक्सर प्रिंट मीडिया के दफ्तर में विज्ञप्ति देने खुद पहुंच जाते थे । पत्रकारों के साथ अपने निजी और दोस्ताना संबंधों के कारण उनका अलग ही सम्मान था ।

एआईएफएफ के पूर्व महासचिव शाजी प्रभाकरन ने कहा ,‘‘ फुटबॉल दिल्ली के अध्यक्ष के रूप में मेरे कार्यकाल में वह सहयोग के स्तंभ थे और उन्होंने हमेशा सही मार्गदर्शन दिया । वह काफी दरियादिल थे और अक्सर दोस्तों और फुटबॉल समुदाय को अपने घर या स्टेडियम में दावत दिया करते थे । उनका जाना दिल्ली फुटबॉल के लिये अपूरणीय क्षति है ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता