हैदराबाद, 11 मार्च (भाषा) नवनीत कौर की हैट्रिक से भारत ने बुधवार को यहां महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर के पूल बी मैच में वेल्स के खिलाफ 4-1 से शानदार जीत दर्ज की।
जीएमसी बालायोगी हॉकी मैदान पर साक्षी राणा (सातवें मिनट) के शुरुआती गोल के बाद नवनीत (29वें, 34वें और 55वें मिनट) ने तीन गोल करके भारत की आसान जीत सुनिश्चित की।
हालांकि भारत ने इस मुकाबले से पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी लेकिन इस नतीजे ने यह सुनिश्चित कर दिया कि टीम तालिका में शीर्ष पर रहेगी।
भारत अब फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए शुक्रवार को इटली से भिड़ेगा।
पहले क्वार्टर में भारत ने तेज शुरुआत की। वेल्स की टीम के जोरदार खेल के बावजूद भारत ने तेज जवाबी हमलों से विरोधी टीम पर दबाव बनाया।
मेजबान टीम ने सातवें ही मिनट में बढ़त बना ली जब सलीमा टेटे ने दाईं ओर से मूव बनाया और साक्षी ने सर्कल के किनारे से एक जोरदार रिवर्स हिट लगाकर भारत को बढ़त दिला दी।
इसके बाद भारत ने दबाव बनाया। उदिता को पेनल्टी कॉर्नर पर बढ़त दोगुनी करने का मौका मिला लेकिन वह नाकाम रहीं।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी अपनी लय बनाए रखी। तेज जवाबी हमले में नवनीत और लालरेमसियामी ने सटीक तालमेल बैठाया लेकिन लालरेमसियामी के प्रयास को वेल्स की गोलकीपर फियोन हॉरेल ने रोक दिया।
भारतीय गोलकीपर बिचू देवी ने 25वें मिनट में वेल्स के पहले पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक रोक दिया।
भारत को 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन मनीषा का शॉट गोल से कुछ इंच की दूरी से बाहर चला गया।
ठीक दो मिनट बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत ने जोरदार शॉट लगाकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।
भारतीय टीम मध्यांतर तक 2-0 से आगे रही।
तीसरे क्वार्टर में भी भारत का आक्रामक खेल जारी रहा। टीम को 34वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और नवनीत ने बिना कोई गलती किए अपना दूसरा गोल पूरा किया और स्कोर 3-0 कर दिया।
बेटसन थॉमस (39वें मिनट) ने भारत की चूक का फायदा उठाते हुए मेजबान टीम की बढ़त को कम करते हुए स्कोर 1-3 कर दिया।
वेल्स को 50वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन कप्तान एलिजाबेथ बिंगहम का शॉट लक्ष्य से दूर रहा।
इसके बाद 55वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर नवनीत ने अपनी हैट्रिक पूरी की।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता