स्जोक्स और सिंड्रेला के दम पर डेम्पो गोवा ने पुणे को हराया

Ads

स्जोक्स और सिंड्रेला के दम पर डेम्पो गोवा ने पुणे को हराया

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 09:11 PM IST

पणजी, 19 जुलाई (भाषा) रोमानिया की दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी बर्नाडेट स्जोक्स और भारत की युवा सनसनी सिंड्रेला दास के शानदार प्रदर्शन से डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने रविवार को अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सत्र में पीबीजी पुणे जैगुआर्स को रोमांचक मुकाबले में 8-7 से शिकस्त दी।

इस जीत के साथ गोवा की टीम ने लीग में अपना अजेय अभियान जारी रखा।

मुकाबले में गोवा की टीम को पुणे की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। पुणे ने उमर अस्सार और स्नेहित सुरावज्जुला के शानदार प्रदर्शन के दम पर दो बार वापसी की।

उमर अस्सार ने अभिनंध पीबी को हराया, जबकि स्नेहित ने अल्वारो रोबल्स को मात देकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्णायक मुकाबले में हालांकि सिंड्रेला दास ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए दिया चिताले को हराकर गोवा की जीत पक्की कर दी।

गोवा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उमर अस्सार ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए अभिनंध पीबी को हराया और उन्हें इस सत्र में पहली एकल हार झेलने पर मजबूर किया।

इसके बाद स्जोक्स ने बेहतरीन लय में खेलते हुए प्रिथिका पावड़े को सीधे तीन गेम में हराकर गोवा को मुकाबले में वापस ला दिया।

मिश्रित युगल में अनिर्बान घोष और दिया चिताले ने जीत दर्ज कर पुणे को फिर से मुकाबले में बनाए रखा।

सुरावज्जुला ने शुरुआती पिछड़ने के बाद रोबल्स को तीन गेम के कड़े मुकाबले में हरा दिया। इस जीत से पुणे जैगुआर्स ने मुकाबले में रोमांच बनाए रखा और फैसला अंतिम मैच पर आ गया।

दबाव भरे इस अहम मुकाबले में युवा खिलाड़ी सिंड्रेला दास ने शानदार धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उन्होंने पहला गेम अपने नाम किया, लेकिन दिया चिताले ने वापसी करते हुए मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। हालांकि, सिंड्रेला ने अंतिम गेम में संयम बनाए रखते हुए 11-8 से जीत दर्ज की।

उनकी जीत ने गोवा चैलेंजर्स की जीत भी सुनिश्चित कर दी। इस सफलता के साथ गोवा ने टूर्नामेंट में अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा।

भाषा आनन्द

आनन्द