विश्व कप फाइनल के लिए मिजोरम में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश, सरकारी कार्यालय दोपहर बाद खुलेंगे

विश्व कप फाइनल के लिए मिजोरम में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश, सरकारी कार्यालय दोपहर बाद खुलेंगे

विश्व कप फाइनल के लिए मिजोरम में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश, सरकारी कार्यालय दोपहर बाद खुलेंगे
Modified Date: July 19, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: July 19, 2026 9:18 pm IST

आइजोल, 19 जुलाई (भाषा) फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मिजोरम सरकार ने सोमवार को राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पूर्ण अवकाश घोषित किया है जबकि सरकारी कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश रहेगा और वे दोपहर बाद खुलेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से रविवार को जारी कार्यालय ज्ञापन में कहा गया कि राज्य सरकार के अधीन आने वाले सभी विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थान सोमवार को बंद रहेंगे, ताकि विद्यार्थी और कर्मचारी विश्व कप फाइनल मुकाबले का आनंद ले सकें। बैंकिंग संस्थानों को हालांकि इस आदेश से अलग रखा गया है।

ज्ञापन के अनुसार, सरकारी कार्यालय सुबह के समय बंद रहेंगे और दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होंगे। सरकार ने यह निर्णय फीफा विश्व कप फाइनल को लेकर लोगों में व्यापक उत्साह और रुचि को देखते हुए लिया है। यह मुकाबला भारत में मध्यरात्रि के बाद खेला जाएगा।

मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सोशल मीडिया पर सरकारी आदेश साझा करते हुए लिखा, ‘‘हम मिजो लोग फुटबॉल के बड़े प्रशंसक हैं। हमारे युवाओं में अब ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जो इस खेल के माध्यम से अपनी आजीविका कमा सकते हैं। हम ऐसे और प्रतिभाशाली युवाओं को तैयार और प्रोत्साहित करना चाहते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने फीफा विश्व कप को ‘धरती का सबसे बड़ा खेल आयोजन’ बताते हुए कहा कि भारत में फाइनल मुकाबला आधी रात के बाद खेला जाएगा, जिससे कई फुटबॉल प्रेमियों के लिए मैच देखने के बाद अगली सुबह समय पर स्कूल या कार्यालय पहुंचना कठिन हो सकता है।

इस फाइनल में गत चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा।

भाषा

आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में