कोलंबो, सात फरवरी (भाषा) नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच में 11 गेंद में 29 रन बनाकर पाकिस्तान को आखिरी ओवर में जीत दिलाने वाले फहीम अशरफ ने स्वीकार किया कि जब मैक्स ओ’डॉड ने उनका कैच छोड़ा तो उनके शरीर के हर हिस्से ने कैच छूटने की दुआ की थी।
यह पल पाकिस्तान के लिए निर्णायक साबित हुआ क्योंकि पाकिस्तान को 12 गेंद में 29 रन चाहिए थे और तीन विकेट बाकी थे।
बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले इस ऑलराउंडर ने लोगान वान बीक की गेंद पर छक्का लगाकर शुरुआत की, लेकिन दूसरी गेंद को हवा में खेला गए लेकिन यह कैच ओ’डॉड ने छोड़ दिया।
अशरफ ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और उस ओवर में तीन छक्के और एक चौके सहित 24 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया और पाकिस्तान को पूरे अंक दिलाए।
मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अशरफ ने कहा, ‘‘उस समय सिर्फ मेरे होंठ ही नहीं, बल्कि मेरे शरीर का हर हिस्सा उस कैच के छूटने की दुआ कर रहा था। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘डॉट गेंदें बढ़ गई थीं, लेकिन हमने ज्यादा दबाव नहीं लिया। हमने सोचा कि हमें सिर्फ एक अच्छे ओवर की जरूरत है और मैच हमारे पक्ष में हो जाएगा। इसी वजह से हमने खुद पर काबू रखा और भरोसा किया कि अगर हम आखिरी गेंद तक भी खेलते हैं, तो हम जीतेंगे। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द