‘डॉट’ गेंद करके दबाव बनाने में नाकाम रहे, विश्व कप में ऐसी गलती नहीं कर सकते: मंधाना
‘डॉट’ गेंद करके दबाव बनाने में नाकाम रहे, विश्व कप में ऐसी गलती नहीं कर सकते: मंधाना
टॉटन, तीन जून (भाषा) भारतीय महिला टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उनके गेंदबाज पर्याप्त ‘डॉट’ गेंद नहीं कर पाए जिससे उन्हें छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
इस सलामी बल्लेबाज ने उम्मीद जताई कि महिला टी20 विश्व कप में यह गलती नहीं दोहराई जाएगी। इंग्लैंड ने श्रृंखला 2-1 से जीत कर भारत की विश्व कप की तैयारी को झटका दिया।
मंधाना ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की थी और उनके तीन विकेट जल्दी हासिल कर लिए थे। इसके बाद उन्होंने शानदार साझेदारी निभाई। मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छे शॉट खेले।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम कुछ डॉट गेंद करके उन पर दबाव बना सकते थे लेकिन हम ऐसा करने में नाकाम रहे। हम निश्चित रूप से इस मैच का विश्लेषण करेंगे ताकि हम बेहतर प्रदर्शन कर सकें और विश्व कप में इन गलतियों को न दोहराएं।’’
मंधाना ने कहा कि श्रृंखला में हार के बावजूद भारत के लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे जिनमें कप्तान हरमनप्रीत कौर का फॉर्म में वापसी करना भी शामिल है। हरमनप्रीत ने नाबाद 56 रन बनाए।
भारतीय उप कप्तान ने कहा, ‘‘उसने शानदार बल्लेबाजी की। हरमन जब अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होती है, तो उसे खेलते हुए देखने में बहुत आनंद आता है। मुझे लगता है कि हमारे सभी खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं।’’
भाषा
पंत
पंत

Facebook


