मुंबई में सीसीआई और एआईजी सहित पांच क्लब के खाद्य लाइसेंस निलंबित

Ads

मुंबई में सीसीआई और एआईजी सहित पांच क्लब के खाद्य लाइसेंस निलंबित

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 07:55 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 07:55 PM IST

मुंबई, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के आरोप में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई), एमआईजी क्रिकेट क्लब और मुंबई के तीन अन्य क्लब के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

आधिकारिक बयान के अनुसार एफडीए की जांच में सीसीआई की रसोई में कई गंभीर खामियां सामने आईं। यहां शाकाहारी और मांसाहारी भोजन तैयार करने के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं थी। रसोई और कचरा निपटान क्षेत्र के पास बड़ी संख्या में कॉकरोच और मक्खियां मिलीं। कोल्ड स्टोरेज में रखे खाने पर पानी टपक रहा था, नालियां जाम थीं और कटिंग बोर्ड गंदे पाए गए। इसके अलावा सड़ी हुई सब्जियां, अधिक पके मशरूम और एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थ भी रखे हुए थे।

एफडीए ने अपने नव नियुक्त आयुक्त तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में पिछले दो महीनों में शहर और राज्य के कई मशहूर रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है।

जांच में यह भी पाया गया कि भोजन के भंडारण और लेबलिंग के नियमों (एफआईएफओ/एफईएफओ) का पालन नहीं किया जा रहा था। बर्तन सीधे फर्श पर रखे गए थे और भोजन बनाने वाली जगह के आसपास ग्रीस, गंदगी तथा रुका हुआ पानी जमा था। अलग-अलग रंग के चॉपिंग बोर्ड भी नहीं थे जिससे भोजन के दूषित होने का खतरा बढ़ गया था। इन कमियों के आधार पर क्लब का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

वहीं एमआईजी क्रिकेट क्लब में बिना वैध एफएसएसएआई लाइसेंस वाली कैटरिंग एजेंसी संचालित हो रही थी। यहां की रसोई में भी जिंदा कॉकरोच और मकड़ी के जाले मिले।

एफडीए ने बताया कि इसी तरह के विभिन्न उल्लंघनों के कारण आरके जुहू जिमखाना, द अपर्णा जुहू जिमखाना और द विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब के खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द