चेन्नई, आठ फरवरी (भाषा) अनुभवी गुलबदिन नायब के शानदार अर्धशतक के बावजूद न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में रविवार को यहां अफगानिस्तान को छह विकेट पर 182 रन पर रोक दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाजी के सामने मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
गुलबदिन (63 रन, 35 गेंद) और सेदिकुल्लाह अटल (29 रन, 24 गेंद) ने तीसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 79 रन जोड़े लेकिन ऐसा लग रहा था कि धीमी पिच पर रन बनाना आसान नहीं है।
अफगानिस्तान ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाकर सतर्क शुरुआत की। बीच के ओवरों में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शिंकजा कसा लेकिन अंतिम पांच ओवर में अफगानिस्तान की टीम 52 रन जुटाकर स्कोर 180 रन के पार पहुंचाने में सफल रही।
सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (27 रन, 22 गेंद) अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने कुछ बेहतरीन स्कूप शॉट भी खेले लेकिन छठे ओवर में तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन (40 रन पर दो विकेट) की धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए।
छठे ओवर की अंतिम गेंद पर फर्ग्युसन ने सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (10) को भी ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच करा दिया।
गुलबदिन ने 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने तेज गेंदबाज जैकब डफी को दो छक्के और एक चौका लगाया जिससे अफगानिस्तान को बीच के ओवरों में कुछ गति मिली।
सेदिकुल्लाह ने उनका अच्छा साथ दिया लेकिन तेजी से रन जुटाने में विफल रहे। डफी ने उन्हें विकेटकीपर टिम सीफर्ट के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।
गुलबदिन और दरवेश रसूली (20 रन, 13 गेंद) ने इसके बाद 17 गेंद में तेजी से 33 रन जोड़े और अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया।
गुलबदिन 18वें ओवर में कामचलाऊ स्पिनर रचिन रविंद्र की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे जिससे अंतिम ओवरों में अफगानिस्तान की रन गति प्रभावित हुई।
अजमतुल्लाह उमरजाई (14) ने दो छक्के लगाकर टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाया।
भाषा सुधीर
सुधीर