(SpaceX IPO/ Image Credit: AI-generated)
SpaceX IPO Launch: एलन मस्क की कंपनी SpaceX ने अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा IPO लॉन्च कर दिया है। इस ऑफरिंग के जरिए कंपनी ने करीब 75 अरब डॉलर जुटाए हैं। कंपनी ने अपने शेयर की कीमत 135 डॉलर प्रति शेयर तय की और कुल 555.56 मिलिय शेयर बेचे। इस डील के बाद SpaceX की वैल्यूएशन करीब 1.77 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। जिससे यह दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो गई है।
इस IPO के बाद SpaceX ने कई दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। इनमें JPMorgan Chase, Berkshire Hathaway, Eli Lilly, Meta Platforms और Tesla जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। उम्मीद है कि Nasdaq पर लिस्टिंग के बाद SpaceX अमेरिका की टॉप 7 सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो जाएगी। कंपनी का आधिकारिक नाम Space Exploration Technologies Corp. है।
SpaceX के IPO में निवेशकों की मांग बेहद ज्यादा रही। पूरी ऑफरिंग की वैल्यू लगभग 75 अरब डॉलर रही। लेकिन अगर अतिरिक्त शेयर विकल्प का इस्तेमाल होता है तो यह 86 अरब डॉलर तक जा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पूरी तरह डाइल्यूटेड आधार पर कंपनी की वैल्यू 1.8 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। इस IPO ने सऊदी अरामको के 2019 के 25.6 अरब डॉलर के रिकॉर्ड को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।
एलन मस्क ने इस बार पारंपरिक IPO प्रक्रिया से अलग रणनीति अपनाई। कंपनी ने बाजार खुला होने के दौरान ही शेयर कीमत घोषित की और तुरंत निवेशकों को जानकारी दी। आमतौर पर कंपनियां बाजार बंद होने के बाद ऐसा करती हैं। SpaceX ने रिटेल निवेशकों के लिए करीब 30% हिस्सेदारी सुरक्षित रखी। जिससे छोटे निवेशकों को भी बड़ा मौका मिला।
कंपनी ने IPO से पहले ही कीमत तय कर दी और रोडशो प्रक्रिया को भी अलग तरीके से संभाला। कीमत तय होते ही सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) में फाइलिंग की गई और थोड़ी देर बाद प्रेस रिलीज जारी कर दी गई। इस तेजी से पूरी प्रक्रिया पारंपरिक तरीकों से अलग रही और निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया। कंपनी का मकसद लिस्टिंग के बाद भी मस्क का मजबूत नियंत्रण बनाए रखना है। जिसके तहत उनके पास करीब 82% वोटिंग पावर रहेगी।
SpaceX अभी मुनाफे में नहीं है फिर भी निवेशक इसके भविष्य को लेकर बेहद उत्साहित हैं। कंपनी की वैल्यूएशन का बड़ा हिस्सा उसके भविष्य के बिजनेस, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्पेस टेक्नोलॉजी में विस्तार पर आधारित है। निवेशकों को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह कंपनी तेजी से ग्रोथ करेगी। अब सभी की नजर Nasdaq पर होने वाली ट्रेडिंग पर है जो यह तय करेगी कि यह रिकॉर्ड वैल्यूएशन कितना मजबूत साबित होता है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।