फ्रांस, स्विटजरलैंड और अमेरिका की तरह शिलांग में बनेगा ‘हाई अल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर’

फ्रांस, स्विटजरलैंड और अमेरिका की तरह शिलांग में बनेगा ‘हाई अल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर’

फ्रांस, स्विटजरलैंड और अमेरिका की तरह शिलांग में बनेगा ‘हाई अल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर’
Modified Date: June 4, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: June 4, 2026 3:21 pm IST

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि मेघालय के शिलांग में 150 करोड़ रूपये की लागत से बनने जा रहा ऊंचाई स्थित अभ्यास केंद्र (हाई अल्टीट्यूट ट्रेनिंग सेंटर) स्विटजरलैंड , फ्रांस और अमेरिका के स्थापित केंद्रों की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा ।

मांडविया ने पिछले दिनों मेघालय के तीन दिवसीय दौरे पर इस केंद्र की स्थापना की घोषणा की थी । उन्होंने इसके बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया ,‘‘ यह केंद्र कीनिया स्थित इटेन, स्विटजरलैंड के सेंट मौरित्ज, फ्रांस के फोर्ट रोमेउ और अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स और फ्लैगस्टाफ जैसे मशहूर केंद्रों की तरह अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप होगा।’’

उन्होंने बताया कि 150 करोड़ रूपये की लागत से बनने जा रहे इस केंद्र में एक समय पर 450 खिलाड़ी रह सकेंगे और उनके लिए रिहाइशी परिसर के साथ अभ्यास की अत्याधुनिक सुविधायें होंगी ।

मांडविया ने कहा ,‘‘ भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र में बनने जा रहे इस परिसर में मौजूदा आठ लेन के 400 मीटर एथलेटिक ट्रैक , फुटबाल स्टेडियम और बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया जायेगा ।’’

उन्होंने आगे कहा ,‘‘यह केंद्र ऊंचाई पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिये शारीरिक अनुकूलन और रिकवरी में सहायता करेगा । इससे एथलेटिक्स, तैराकी, नौकायन , साइकिलिंग, मुक्केबाजी और कुश्ती जैसे खेलों में लाभ मिलेगा जिसमें सहनशक्ति बेहतर करने और तेज रिकवरी की जरूरत होती है ।’’

खेलमंत्री ने कहा कि ‘पूर्वोत्तर का स्कॉटलैंड’ कहा जाने वाला शिलांग समुद्री सतह से 1496 मीटर ऊंचाई पर है जहां साल भर तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब रहता है जिससे हर मौसम में स्वच्छ पर्वतीय हवा में आउटडोर अभ्यास किया जा सकता है ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में