अध्यक्ष की अनदेखी करके डीएसए के सदस्यों ने चुनाव के लिये तदर्थ समिति बनाई

Ads

अध्यक्ष की अनदेखी करके डीएसए के सदस्यों ने चुनाव के लिये तदर्थ समिति बनाई

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 05:41 PM IST

(फिलेम दीपक सिंह)

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) दिल्ली फुटबॉल संघ (डीएसए) में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई जब इसके अधिकांश सदस्यों ने अगस्त में चुनाव कराने और संगठन के दैनंदिनी कामकाज के संचालन के लिये तदर्थ समिति का गठन किया ।

डीएसए अध्यक्ष अनुज गुप्ता की अनदेखी करके आमसभा की असाधारण बैठक में यह दो फैसले लिये गए ।

बैठक में डीएसए के चुनाव 30 अगस्त को कराने का फैसला लिया गया । इसके साथ ही चयनित कार्यकारी समिति के प्रभार संभालने तक तदर्थ समिति को तुरंत प्रभाव से डीएसए का प्रभार सौंपा गया ।

गुप्ता ने इस कार्रवाई को ‘अवैध’ करार देते हुए दावा किया कि जो लोग डीएसए के सदस्य भी नहीं हैं, वे इस पर कब्जा कर रहे हैं ।

बैठक में यंग ब्वॉयज एफसी के अध्यक्ष भरत सिंह मेहरा को तदर्थ समिति का अध्यक्ष बनाया गया जबकि कॉलेजियन एफसी के अध्यक्ष सुशांत देब और अजमल एफसी के अध्यक्ष लियाकत अली अन्य सदस्य हैं ।

बैठक के ब्यौरे के अनुसार डीएसए के 60 सदस्यों ने इसमें भाग लिया जिनमें स्थायी परिषद के 47 सदस्य, छह अस्थायी सदस्य, दो एसोसिएट सदस्य और पांच संस्थागत सदस्य शामिल थे ।

बैठक लियाकत अली ने बुलाई थी और इसकी अध्यक्षता उपाध्यक्ष जगदीश चंदर मल्होत्रा ने की ।

गुप्ता को मार्च 2023 में डीएसए अध्यक्ष बनाया गया था जब पूर्व प्रमुख शाजी प्रभाकरण अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के महासचिव बने थे ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर