भारत ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किया

भारत ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किया

भारत ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किया
Modified Date: September 30, 2025 / 07:45 pm IST
Published Date: September 30, 2025 7:45 pm IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा)  भारत की ईशा अनिल टकसाले और हिमांशु ने शानदार वापसी करते हुए हमवतन शंभवी एस. क्षीरसागर और नारायण प्रणव की जोड़ी को हराकर 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता जबकि विनय प्रताप सिंह चंद्रावत ने पुरुषों के ट्रैप फाइनल में कांस्य पदक जीतकर भारत को कुल 23 पदक (सात स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य) के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बरकरार रखा।

ईशा और हिमांशु ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में 17–15 से शंभवी और नारायण को मात दी। एक समय पर 9-15 से पिछड़ने के बावजूद उन्होंने लगातार चार सीरीज जीतकर रोमांचक वापसी की और खिताब पर कब्जा जमाया।

दोनों टीमों ने इस दौरान शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। शंभवी ने दो परफेक्ट 10.9 और ईशा ने एक 10.9 लगाया। मुकाबले में कुल 64 में से सिर्फ पांच शॉट 10 अंक से नीचे गए।

इस स्पर्धा का कांस्य पदक व्यक्तिगत तटस्थ निशानेबाज (एआईएन) वरवारा कार्डाकोवा और कामिल नुरियाख्मेतोव की जोड़ी को मिला, जिन्होंने एआईएन के निशानेबाजों की जोड़ी मारिया क्रुगलोवा और तिमोफेई अलेनिकव को 17–9 से हराया।

क्रोएशिया के 20 वर्षीय टोनी गुडेल्ज ने पुरुषों के ट्रैप जूनियर फाइनल में 44 निशाने लगाकर अपने देश को पहला स्वर्ण दिलाया। स्पेन के इसाक हर्नान्देज 41 निशाने के साथ दूसरे स्थान पर रहे। हर्नान्देज क्वालिफिकेशन में 120 निशाने के साथ शीर्ष स्थान पर थे।

भारत के विनय प्रताप सिंह चंद्रावत ने 34 के स्कोर के साथ कांस्य जीता, जबकि साथी अर्जुन 29 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे। स्पेन के डेनियल फर्नांडीज डी विसेंटे और अमेरिका के टोनी मेओला क्रमशः 24 और 18 निशाने के साथ फाइनल में पहुंचने वालों में शामिल थे।

महिला ट्रैप जूनियर खिताब चेकिया की लिया कुसेरोवा ने 41 निशाने के साथ जीता, जिससे उनके देश को प्रतियोगिता का पहला पदक मिला। इटली की सोफिया गोरी ने 37 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि एआईएन की क्सेनिया समोफालोवा ने 30 निशाने के साथ कांस्य जीता।

भारत की साबीरा हारिस सातवें स्थान पर रहीं।

पिस्टल में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल प्रिसीजन स्टेज में भारत की तेजस्वनी ने 288 के स्कोर के साथ बढ़त बनाई। इटली की अलेक्सांद्रा फैत (287) और एआईएन की विक्टोरिया खोलोडनाया (286) उनके पीछे रहीं।

भारत की नाम्या कपूर (284) चौथे, अलेक्सांद्रा तीखोनोवा (283) पांचवें और रिया शिरीष ठट्टे (281) छठे स्थान पर रहीं। रैपिड फायर चरण कल खेला जाएगा, जिसके बाद शीर्ष छह खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेंगे।

पुरुषों की 25 मीटर पिस्टल (गैर-ओलंपिक स्पर्धा) प्रिसीजन चरण में भारत के राघव वर्मा ने 290 के स्कोर के साथ बढ़त बनाई हुई है। उनके पीछे साथी मुकेश नेलावली (289) और एआईएन के जॉर्जी तारासोव (285) है। बुधवार सुबह रैपिड फायर चरण के बाद संयुक्त स्कोर से पदक तय होंगे।

भाषा आनन्द आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में