भारत ने आठ विकेट पर 564 रन पर पारी घोषित की, अफगानिस्तान ने 28 रन पर एक विकेट गंवाया
भारत ने आठ विकेट पर 564 रन पर पारी घोषित की, अफगानिस्तान ने 28 रन पर एक विकेट गंवाया
मुल्लंपुर, सात जून (भाषा) विकेटकीपर ऋषभ पंत अपने टेस्ट करियर का नौवां शतक बनाने का सुनहरा अवसर चूक गए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) ने बिना किसी दबाव के शानदार अर्धशतक जड़ा, जिससे भारत ने एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ आठ विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की।
चाय के विश्राम तक अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 28 रन बना लिए थे। पदार्पण कर रहे मानव सुथार ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी चौथी ही गेंद पर विकेट हासिल कर यादगार शुरुआत की। अब्दुल मलिक (16) स्लॉग स्वीप खेलने के प्रयास में शॉर्ट लेग पर मोहम्मद सिराज को आसान कैच थमा बैठे।
पंत ने इंडियन प्रीमियर लीग की निराशा को पीछे छोड़ते हुए अपने आलोचकों को बल्ले से करारा जवाब दिया। उन्होंने आकर्षक शॉट्स से सजी 81 रन की पारी खेली। दूसरी ओर, अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम ने भी मुश्किल परिस्थितियों में 140 रन देकर छह विकेट झटके।
रविवार को स्टेडियम में अपेक्षाकृत कम दर्शकों की मौजूदगी के बीच पंत ने अपने चिर-परिचित आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने अनावश्यक जोखिम लेने से बचते हुए हर गेंद को उसकी गुणवत्ता के आधार पर खेला। उन्होंने 121 गेंदों में 81 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
पंत शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन ऑफ स्पिनर हशमुतुल्लाह शाहिदी ने अचानक अपनी गेंद की गति काफी धीमी कर दी। पंत ने उसे आगे बढ़कर खेलना चाहा लेकिन उनका शॉट हवा में लहरा गया और वह कैच आउट हो गए। अफगानिस्तान की ओर से आईपीएल स्टार अजमतुल्लाह ओमरजई बदकिस्मत नजर आए। दूसरी नई गेंद से उन्होंने प्रभावशाली गेंदबाजी की और कई बार बल्लेबाजों को परेशान किया, लेकिन उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली। पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों को जीवनदान मिला। गेंद पंत के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में गई, लेकिन विकेटकीपर और क्षेत्ररक्षकों ने अपील नहीं की।
भारत ने सुबह अपनी पारी तीन विकेट पर 368 रन से आगे बढ़ाई और पहले सत्र में 25 ओवर में 107 रन जोड़े। इस दौरान उसने कप्तान शुभमन गिल (177 गेंदों पर 126 रन), ध्रुव जुरेल (20 गेंदों पर 19 रन) और ऋषभ पंत (121 गेंदों पर 81 रन) के विकेट गंवाए।
मैच के पहले दिन केएल राहुल ने 100 और साई सुदर्शन ने 81 रन बनाए थे।
गिल सुबह के सत्र में आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। सलीम की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई। इसके साथ ही गिल और पंत के बीच 169 रन की साझेदारी समाप्त हो गई। गिल ने अपनी पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया।
ध्रुव जुरेल ने विकेट के स्क्वायर क्षेत्र में कुछ खूबसूरत शॉट खेले, लेकिन सलीम की रिवर्स स्विंग लेती गेंद को उन्होंने छोड़ने का फैसला किया, जो उनकी विकेटों में समा गई। हालांकि, दर्शक जुरेल के मुकाबले पंत के आउट होने से अधिक निराश थे।
भाषा आनन्द पंत
पंत

Facebook


