गॉल, 17 अगस्त (भाषा) बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया जो पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन सोमवार को यहां लंच तक पांच विकेट पर 99 रन बनाकर संघर्ष कर रहा है।
भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे। इस तरह से श्रीलंका अभी उससे 363 रन पीछे है। लंच के समय सोनल दिनुशा 14 और निरोशन डिकवेला आठ रन पर खेल रहे थे।
इससे पहले भारत में सुबह नौ विकेट पर 460 रन से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई, लेकिन केवल चार गेंद के अंदर उसने प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में अपना आखिरी विकेट गंवा दिया। भारत ने इस बीच अपने स्कोर में दो रन जोड़े।
श्रीलंका को ठोस शुरुआत की जरूरत थी लेकिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पारी की दूसरी ही गेंद पर ही उसे पहला झटका दे दिया।
अभ्यास मैच में एसएलसी इलेवन की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करने वाले निशान फर्नांडो (00) सिराज की स्विंग लेकर बाहर की ओर जाती गेंद को नहीं समझ पाए और उन्होंने पहली स्लिप में खड़े देवदत्त पडिक्कल को कैच दे दिया।
इससे श्रीलंका की टीम दबाव में आ गई जिसका भारतीय स्पिनरों ने पूरा फायदा उठाया।
सुथार ने अपनी शानदार फ्लाइट, डिप और टर्न से बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर कमाल दिखाया जब उनकी गेंद अनुभवी दिनेश चांदीमल (04) के बल्ले का हल्का सा किनारा लेकर ऋषभ पंत के सुरक्षित हाथों में चली गई।
टेस्ट क्रिकेट में 50 से अधिक के औसत रखने वाले दो बल्लेबाज लाहिरू उदरा (27) और कामिंदु मेंडिस (14) सहज नजर आ रहे थे। मेंडिस ने तो प्रसिद्ध कृष्णा पर पुल शॉट से छक्का भी जड़ा। उदरा ने भी सुथार की गेंदों पर कुछ चौके जड़े।
लेकिन आखिर में सुथार ने तेजी से टर्न लेती गेंद पर उदरा को गली में खड़े यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच करा दिया।
मेंडिस खुद को थोड़ा बदकिस्मत मानेंगे क्योंकि कुलदीप यादव की गेंद पर लगाया गया उनके ऊंचे शॉट को शुभमन गिल ने डाइव लगाकर कैच में बदल दिया।
इसके बाद रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा (21) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। धनंजय ने स्लिप में खड़े केएल राहुल को कैच दिया।
भाषा
पंत
पंत