विग्नेश वर्मुला और सारण्या देवी ने एशियाई जूनियर शतरंज मे ओपन और बालिका ब्लिट्ज खिताब जीते

Ads

विग्नेश वर्मुला और सारण्या देवी ने एशियाई जूनियर शतरंज मे ओपन और बालिका ब्लिट्ज खिताब जीते

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 06:09 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 06:09 PM IST

मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) भारत ने एशियाई जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत करते हुए सोमवार को यहां ओपन और बालिका ब्लिट्ज वर्ग में क्रमश: विग्नेश वर्मुला और सारण्या देवी के खिताब के साथ दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

वर्मुला ने टूर्नामेंट में 23वीं वरीयता के साथ शुरुआत की थी लेकिन पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वह शर्नार्थी वीरेश और नंदीश वी एस के साथ समान अंक पर रहे लेकिन बेहतर टाईब्रेक स्कोर के आधार पर खिताब अपने नाम किया।

अक्षय बोरगांवकर और माधवेंद्र प्रताप शर्मा क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

नौवीं वरीयता प्राप्त सारण्या ने अपनी सटीक रणनीतिक चालों से प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग का खिताब जीता। प्रिशिता गुप्ता और शनमति श्री क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष वरीयता प्राप्त तुर्कमेनिस्तान की शोहरादोवा लाला चौथे स्थान पर रहीं।

ओपन चैंपियनशिप में कजाखस्तान के अखिलबे इमांगली छठे स्थान के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले विदेशी खिलाड़ी रहे जबकि तुर्कमेनिस्तान के शागेल्दी कुर्बानदुर्दियेव नौवें स्थान पर रहे। भारत के अंतरराष्ट्रीय मास्टर मयंक चक्रवर्ती ने 13वां स्थान हासिल किया।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द