राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत का दबदबा, पुरुष और महिला टीम ने जीते खिताब

Ads

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत का दबदबा, पुरुष और महिला टीम ने जीते खिताब

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 09:49 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) भारत ने 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों टीम वर्गों के खिताब अपने नाम कर लिए।

मानुष शाह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष टीम ने बृहस्पतिवार को खेले गए फाइनल में मलेशिया को 3-2 से हराकर खिताब जीता।

इससे पहले महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर त्यागराज स्टेडियम में खिताब अपने नाम किया।

पुरुष टीम का फाइनल काफी चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि लीग चरण में भारत को मलेशिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

भारत ने अपनी टीम में हरमीत देसाई को शामिल नहीं किया, जबकि मलेशिया ने तीसरे मुकाबले के लिए अपने दूसरे खिलाड़ी को उतारा।

चौथे मैच में मानव ठक्कर ने बाएं हाथ के खिलाड़ी की शेन वोंग के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली। लेकिन विश्व रैंकिंग में 204वें स्थान पर मौजूद मलेशियाई खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए विश्व नंबर 41 मानव को 2-3 से हरा दिया और मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।

इसके बाद खिताब का फैसला पांचवें और अंतिम मैच में दुनिया के 40वें नंबर के खिलाड़ी मानुष शाह के प्रदर्शन पर निर्भर था जिन्होंने निर्णायक मुकाबले में जैवेन चोंग के खिलाफ शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा और सीधे गेमों में आसान जीत दर्ज कर भारत के लिए स्वर्ण पदक पक्का कर दिया।

इससे पहले तीसरे मैच में साथियान को होंग यू तेई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

महिला फाइनल में भारत ने मलेशिया को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

स्वास्तिका ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाने में सफलता हासिल की।

एशियाई खेलों की टीम में चयन के बाद विश्व रैंकिंग में 67वें स्थान पर खिसकीं श्रीजा अकुला ने मुकाबले में 2-1 की बढ़त बनाई। लेकिन मलेशिया की करेन ने वापसी करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। पर श्रीजा ने निर्णायक गेम जल्दी जीत लिया।

इसके बाद विश्व रैंकिंग में 64वें स्थान पर मौजूद यशस्विनी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और एलिस ली सियान चांग को 3-1 से हराकर भारत को खिताब दिला दिया।

भारत की दोनों टीम को उनके प्रदर्शन के लिए 10,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर