जेद्दा (सऊदी अरब), पांच मई (भाषा) भारत बुधवार को यहां पुरुषों के एएफसी अंडर-17 एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगा।
ग्रुप डी में एक अन्य टीम उज्बेकिस्तान है क्योंकि उत्तर कोरिया ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। भारत का सामना 10 मई को उज्बेकिस्तान से होगा।
ग्रुप की शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी जिससे फीफा अंडर-17 विश्व कप कतर 2026 के लिए भी क्वालीफिकेशन पक्का हो जाएगा।
भारत के मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडिस ने पहले भी एएफसी अंडर-16 चैंपियनशिप 2018 और एएफसी अंडर-17 एशियाई कप 2023 जैसे आयु वर्ग के टूर्नामेंट में टीम का मार्गदर्शन किया है।
भारत ने एएफसी अंडर-16 चैंपियनशिप 2020 के लिए भी क्वालीफाई किया था लेकिन कोविड-19 महामारी शुरू होने के कारण वह टूर्नामेंट रद्द कर दिया गया था।
फर्नांडिस ने कहा, ‘‘अनुभव के साथ आप इस स्तर की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं। हर टूर्नामेंट अलग होता है लेकिन उम्मीदें हमेशा ऊंची रहती हैं। आप शांत रहना, तैयारी पर ध्यान देने के आलवा विभिन्न परिस्थितयों में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अनुभव मुश्किल पलों को संभालने में मदद करता है लेकिन खेल के प्रति हमारा नजरिया वही रहता है।” ऑस्ट्रेलिया की टीम काफी मजबूत है जो पहले तीन बार सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी है।
फर्नांडिस ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया शारीरिक रूप से मजबूत और व्यवस्थित टीम है और वे बहुत तेजी से खेलते हैं। वे अपनी रणनीति को लेकर बहुत अनुशासित हैं और जब वे तेजी से आगे बढ़ते हैं तो बहुत खतरनाक साबित होते हैं। हमारा ध्यान इस बात पर है कि हम एक टीम के तौर पर कैसा प्रदर्शन करते हैं।”
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के लिए अच्छी तैयारी की है और जेद्दा जाने से पहले ताजिकिस्तान, तुर्की, म्यांमार, इंडोनेशिया, थाईलैंड, कोरिया, यूएई और कतर जैसी टीमों के खिलाफ मैच खेले थे।
भाषा सुधीर
सुधीर