भारत को तीन स्वर्ण, बांग्लादेश ने अंडर-19 लड़कों का खिताब जीता
भारत को तीन स्वर्ण, बांग्लादेश ने अंडर-19 लड़कों का खिताब जीता
शिमला, नौ अप्रैल (भाषा) भारत की अंडर-19 लड़कियों ने बृहस्पतिवार को यहां आईटीटीएफ-एटीटीयू एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप के क्षेत्रीय क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना जीत का सिलसिला जारी रखा।
बृहस्पतिवार को टीम प्रतियोगिताओं के खत्म होने के बाद भारत ने चार में से तीन टीम वर्ग के खिताब जीते जिसमें अंडर-19 लड़कियों, अंडर-15 लड़कों और अंडर-15 लड़कियों के वर्ग शामिल हैं।
अंडर-19 लड़कों के वर्ग का खिताब बांग्लादेश की टीम ने करीबी मुकाबले में शीर्ष स्थान हासिल करके जीता।
भारत ने इस वर्ग में कोई टीम नहीं उतारी थी क्योंकि उसने पिछले साल ताशकंद में हुई एशियाई चैंपियनशिप के दौरान ही क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया था।
मेजबान टीम ने बृहस्पतिवार को महिला अंडर-19 वर्ग में नेपाल, मालदीव और बांग्लादेश पर 3-0 से शानदार जीत दर्ज की और राउंड-रोबिन तालिका में शीर्ष पर रही।
भारत ने बुधवार को श्रीलंका को भी इसी अंतर से हराया था। चार मैच में चार जीत के साथ भारत ने ना सिर्फ इस वर्ग में स्वर्ण पदक बरकरार रखा बल्कि महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए शीर्ष रैंकिंग वाली टीम के तौर पर भी क्वालीफाई कर लिया।
श्रीलंका की टीम दूसरे स्थान पर रही और इस क्षेत्र से क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बनी।
सभी वर्ग की एकल और युगल स्पर्धाएं शुक्रवार से शुरू होंगी।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


