लखनऊ, 16 जून (भाषा) कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने मंगलवार को कहा कि भारत जैसी टीम अधिक मौके नहीं देतीं और अफगानिस्तान को मिलने वाले मौकों का फायदा उठाना सीखना होगा।
बारिश से प्रभावित पहले मैच में हार के बाद अफगानिस्तान तीन मैच की श्रृंखला में 0-1 से पीछे है। सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहले मैच में 51 गेंद में 102 रन बनाए थे लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे एकदिवसीय से पहले शाहिदी ने पीटीआई से कहा, ‘‘जब आप भारत जैसी टीम के खिलाफ खेलते हैं तो वे आपको अधिक मौके नहीं देतीं इसलिए जब आप आगे हों तो आपको उसका फायदा उठाना चाहिए और मैच उनके हाथों में नहीं जाने देना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत अपने घरेलू हालात में बहुत मजबूत टीम है। यहां आने वाली किसी भी टीम के लिए यह चुनौतीपूर्ण होता है।’’
यह अफगानिस्तान की भारत के खिलाफ पहली द्विपक्षीय एकदिवसीय श्रृंखला है और शाहिदी ने कहा कि ऐसे अनुभव उनकी टीम के विकास में मदद करेंगे।
शाहिदी ने कहा, ‘‘जब हम भारत जैसी टीम के खिलाफ खेलते हैं तो बहुत कुछ सीखते हैं। खिलाड़ियों को शीर्ष स्तरीय क्रिकेट खेलने से आत्मविश्वास मिलता है। हम अपनी गलतियों की पहचान करते हैं और उन क्षेत्रों को समझते हैं जहां हम पीछे हैं।’’
कप्तान ने हाल के वर्षों में अफगानिस्तान को एकदिवसीय क्रिकेट में अधिक अनुभव नहीं मिलने की ओर भी इशारा किया।
शाहिदी ने कहा, ‘‘हमने लंबे समय से एकदिवसीय क्रिकेट नहीं खेला है। मुझे लगता है कि पिछले दो वर्षों में हमने आठ या नौ एकदिवसीय मैच ही खेले हैं जो बहुत कम हैं। शायद पिछले मैच में हमारे साथ यही समस्या रही हो।’’
भाषा सुधीर
सुधीर