लीड्स, 16 जून (भाषा) पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक पारी खेलकर खराब फॉर्म को अलविदा कहने वाली भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने कहा कि इस पारी से उन्हें महिला टी20 विश्व कप के बाकी मैचों से पहले आत्मविश्वास मिला है ।
घोष ने 17 गेंद में 34 रन बनाकर भारत को 170 रन तक पहुंचाया था । भारतीय टीम ने बर्मिंघम में रविवार को हुए मैच में पाकिस्तान को 64 रन से हराया ।
घोष ने नीदरलैंड के खिलाफ मैच से पहले कहा ,‘पाकिस्तान के खिलाफ उस पारी से मुझे काफी मदद मिली क्योंकि इससे मेरा आत्मविश्वास बढा ।’’
उन्होंने कहा कि अभ्यास मैच में इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ने से भी उनका मनोबल बढा है । उन्होंने कहा ,‘‘ अभ्यास मैच से भी मेरा मनोबल बढा । बाकी मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन करना चाहूंगी ।’’
बंगाल की इस क्रिकेटर ने इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में अर्धशतक जमाया था । इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में 68 रन बनाने से पहले उन्होंने 0, 6, 8, 4 रन बनाये थे ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैने अपने खेल पर फोकस रखा । नेट्स पर काफी मेहनत की । मैं फॉर्म में थी लेकिन रन नहीं बन रहे थे । मैने हैरी दी (हरमनप्रीत कौर) और स्मृति दी (मंधाना) जैसे सीनियर खिलाड़ियों और कोच से बात की । उन्होंने कहा कि मैं अपना स्वाभाविक खेल दिखाऊं और फोकस करूं । इससे काफी मदद मिली ।’’
घोष ने छठे विकेट के लिये दीप्ति शर्मा के साथ 45 रन की साझेदारी की । उन्होंने कहा ,‘‘मैने उनके साथ घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिये भी खेला है । हमारी मैदान के भीतर और बाहर अच्छी बातचीत होती है जिससे काफी मदद मिलती है । हम एक दूसरे को बखूबी समझते हैं।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर