बीजिंग, 16 जून (भाषा) उत्तर-पश्चिम चीन के हैक्सी मंगोलियन एंड तिब्बतन आटोनॉमस प्रीफेक्चर में मंगलवार को 6.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र की ओर से जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि स्थानीय समयानुसार शाम 5:06 बजे आये भूकंप का केंद्र 37.80 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 95.56 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
किंघाई प्रांतीय भूकंप विज्ञान ब्यूरो ने भूकंप प्रभावित इलाके में आपातकालीन कार्रवाई में स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए एक कार्य दल भेजा है।
चीन की सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी की खबर में प्रांतीय आपात प्रबंधन ब्यूरो के हवाले से बताया गया है कि शाम 6:10 बजे भूकंप आपदा के लिए ‘स्तर-दो’ वाली प्रांतीय आपात प्रतिक्रिया जारी की गई।
भूकंप के केंद्र के पास स्थित कोयला खदान उद्यमों के सभी कार्यरत कर्मचारियों को पूरी तरह सुरक्षित निकाल लिया गया है। हताहत हुए लोगों का पता लगाने और इससे हुए नुकसान का आकलन करने के लिए निरीक्षण जारी है।
आपात प्रबंधन मंत्रालय ने भूकंप प्रभावित क्षेत्र में बचाव दलों को तैनात कर दिया है, ताकि मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा सके।
चाइना सेंट्रल टेलीविजन (सीसीटीवी) ने बताया कि मंत्रालय ने प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री भी आवंटित की है तथा भूकंपीय निगरानी और आकलन को और तेज कर दिया है।
शिन्हुआ के अनुसार, चीन के स्टेट काउंसिल के भूकंप राहत मुख्यालय और आपात प्रबंधन मंत्रालय ने संयुक्त रूप से भूकंप आपदा के लिए स्तर-4 आपात प्रतिक्रिया सक्रिय की है तथा स्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों के मार्गदर्शन के लिए एक कार्य दल भेजा है।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश