स्वतंत्रता दिवस पर हॉकी टीम की हौसलाअफजाई के लिये जुटे भारतीय प्रशंसक भी

Ads

स्वतंत्रता दिवस पर हॉकी टीम की हौसलाअफजाई के लिये जुटे भारतीय प्रशंसक भी

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 03:09 PM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 03:09 PM IST

(मोना पार्थसारथी)

एम्सटेलवीन , 15 अगस्त (भाषा ) हाथ में तिरंगा, चेहरे पर तिरंगे के रंग और भारतीय टीम की जर्सी , यह नजारा भुवनेश्वर या रांची का नहीं बल्कि एम्सटर्डम सेंट्रल से करीब 15 किलोमीटर दूर एम्सटेलवीन स्थित वेगनेर स्टेडियम का है जहां स्वतंत्रता दिवस पर अच्छी संख्या में भारतीय प्रशंसक सपरिवार विश्व कप में हॉकी टीम की हौसलाअफजाई के लिये पहुंचे हैं ।

नीदरलैंड में 2014 के बाद पहली बार विश्व कप हो रहा है और पिछले दो ओलंपिक में भारतीय टीम को मिले कांस्य पदक के बाद यहां बसे भारतीय समुदाय को टीम से काफी उम्मीदें हैं ।

वेल्स के खिलाफ भारत का मुकाबला स्थानीय समयानुसार दोपहर एक बजे शुरू होना था लेकिन बारिश के बावजूद सुबह नौ बजे से ही स्टेडियम में दर्शक जुटने लगे ।

एक हाथ में छाता और दूसरे हाथ में तिरंगा थामे जयपुर की रहने वाली दीप्ति अपनी मां, पति और दोनों बच्चों के साथ स्टेडियम पहुंची थी । उन्होंने भाषा से कहा ,‘‘हम सात साल से नीदरलैंड में रह रहे हैं और पहली बार पूरे परिवार के साथ यहां हॉकी मैच देखने आये हैं । बहुत अच्छा लग रहा है और गर्व महसूस हो रहा है ।’’

नवाबों के शहर लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली साक्षी ने कहा ,‘‘आज स्वतंत्रता दिवस भी है और इसलिये हम भारत का समर्थन करने आये हैं । इससे बढिया जश्न क्या हो सकता है । बहुत रोमांचित हूं और उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट भारत के लिये यादगार होगा ।’’

पहली बार हॉकी मैदान पर आये सुमित ने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि आज तो भारत वेल्स को हरायेगा ही और अगले सारे मैच भी जीतेगा । इस बार तैयारी पूरी है और मुझे लगता है कि 50 साल बाद हम हॉकी विश्व कप में पदक जीतेंगे ।’’

अमेरिका के लास वेगास में बसे जितेंद्र अग्रवाल अपनी पत्नी और दोस्तों के साथ नीदरलैंड में भारत के सभी छह मैच (तीन महिला और तीन पुरूष टीम) के टिकट खरीद चुके हैं और अगर टीम फाइनल में पहुंचती है तो बेल्जियम भी जायेंगे ।

मूल रूप से उदयपुर के रहने वाले जितेंद्र ने कहा ,‘‘ हमने काफी पहले टीम की जर्सी भी भारत से मंगवा ली थी । आरेंज जर्सी नहीं मिल सकी क्योंकि वह अभी बदली है । लेकिन हमारे पास पुरानी जर्सी है ।’’

लास वेगास से आई रोजी अग्रवाल ने रियो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम को खेलते देखा था और वहीं से उन्हें हॉकी में मजा आने लगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हम हॉकी देखने रियो ओलंपिक गए थे और बहुत मजा आया था । उसके बाद से मैं भारतीय हॉकी को फॉलो करती हूं ।’’

उनके पति पवन अग्रवाल ने कहा ,‘‘ पिछले ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन के बाद हमें लगता है कि इस बार बहुत अच्छा मौका है । बहुत पहले से हमने प्लान कर लिया था कि विश्व कप के दौरान ही नीदरलैंड जाना है और हमें 19 अगस्त को पाकिस्तान से मैच का इंतजार है ।’’

भाषा मोना पंत

पंत