इंडियन इंडोर ओपन में पोल ​​वॉल्ट खिलाड़ियों पर टिकी रहेगी निगाह

इंडियन इंडोर ओपन में पोल ​​वॉल्ट खिलाड़ियों पर टिकी रहेगी निगाह

इंडियन इंडोर ओपन में पोल ​​वॉल्ट खिलाड़ियों पर टिकी रहेगी निगाह
Modified Date: May 1, 2026 / 05:39 pm IST
Published Date: May 1, 2026 5:39 pm IST

भुवनेश्वर, एक मई (भाषा) मध्य प्रदेश के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक देव कुमार मीणा और तमिलनाडु की बरनिका एलंगोवन शनिवार से यहां शुरू होने वाली पहली इंडियन इंडोर ओपन एथलेटिक्स एवं पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र होंगे।

इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन कलिंगा स्टेडियम परिसर में स्थित अत्याधुनिक इंडोर सुविधा केंद्र में किया जा रहा है, जहां मार्च में पहली राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। यह स्टेडियम 2028 में विश्व इंडोर चैंपियनशिप की भी मेजबानी करेगा।

मीणा का इस साल प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने मार्च में ताइवान में एक आमंत्रण प्रतियोगिता में अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (5.40 मीटर) की बराबरी की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘भुवनेश्वर में मेरा लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। मुझे कलिंगा स्टेडियम की इंडोर सुविधा में अभ्यास सत्र में बहुत अच्छा लगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं।’’

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने 2026 ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए पुरुषों की पोल वॉल्ट में क्वालीफाइंग का मानक 5.25 मीटर और महिलाओं के लिए 4.45 मीटर रखा है।

इस साल के आखिर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए पुरुषों का क्वालीफाइंग मानक 5.45 मीटर, जबकि महिलाओं के लिए 4.10 मीटर है।

प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को पुरुषों के पोल वॉल्ट इवेंट में चौदह खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे। अन्य प्रमुख प्रतियोगियों में मध्य प्रदेश के कुलदीप कुमार और तमिलनाडु के रीगन जी शामिल हैं, जिन्होंने इस सत्र में क्रमशः 5.30 मीटर और 5.35 मीटर कूद लगाई है।

महिला पोल वॉल्ट का फाइनल रविवार को होगा। इस प्रतियोगिता के लिए 11 एथलीटों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन सबका ध्यान एलंगोवन पर होगा, जिन्होंने मार्च में इसी स्थान पर आयोजित पहली राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप के दौरान 4.22 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।

कुल मिलाकर 80 से अधिक एथलीट इस प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में अपना भाग्य आजमाएंगे।

भाषा

पंत नमिता

नमिता


लेखक के बारे में