भारतीय खिलाड़ियों की नजरें 2017 के बाद इंडियन ओपन में खिताबी सूखे को खत्म करने पर

भारतीय खिलाड़ियों की नजरें 2017 के बाद इंडियन ओपन में खिताबी सूखे को खत्म करने पर

भारतीय खिलाड़ियों की नजरें 2017 के बाद इंडियन ओपन में खिताबी सूखे को खत्म करने पर
Modified Date: March 25, 2026 / 08:15 pm IST
Published Date: March 25, 2026 8:15 pm IST

गुरुग्राम, 25 मार्च (भाषा) शुभंकर शर्मा, रेहान थॉमस और युवराज संधू की अगुवाई में भारतीय खिलाड़ी बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रहे हीरो इंडियन ओपन गोल्फ में 2017 के बाद खिताबी सूखे को खत्म करने की कोशिश करेंगे।

भारतीय खिलाड़ियों में एस.एस.पी. चौरसिया ने 2017 में पिछली बार यह खिताब अपने नाम किया था।

आत्मविश्वास से भरे 29 वर्षीय शुभंकर डीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीतने वाले इकलौते भारतीय हैं, जबकि संधू और थॉमस भी अपने हालिया प्रदर्शन से उत्साहित हैं। अन्य भारतीय खिलाड़ियों में वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान और मनु गांदास शामिल हैं।

शुभंकर ने टूर्नामेंट की पूर्व संध्या पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। यह बहुत खास टूर्नामेंट है। यह उन प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसका हम साल की शुरुआत से ही इंतजार करते हैं। मुझे लगता है कि यह ‘डीएलएफ कोर्स’ पिछले कुछ वर्षों में टूर के सभी खिलाड़ियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है।’’

जूनियर स्तर से शुभंकर के साथ खेल रहे संधू ने कहा, ‘‘मुझे यह मजेदार लगता है, क्योंकि हम दोनों एक ही (सेना) पृष्ठभूमि से आते हैं। हमने साथ में जूनियर गोल्फ खेला है और उस दौरान हमारे बीच काफी मजाक-मस्ती होती थी। अब हम दोनों डीपी वर्ल्ड टूर में साथ हैं। हालांकि, वह पिछले लगभग सात वर्षों से लगातार अलग-अलग कोर्स पर खेल रहे हैं। मैं अक्सर उनसे सलाह लेता रहता हूं कि क्या करना चाहिए।’’

थॉमस इससे पहले भी इंडियन ओपन में खेल चुके हैं और वह खुद को काफी आत्मविश्वास से भरा महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस कोर्स पर पहले भी कुछ बार खेल चुका हूं और पिछले साल यह एहसास हुआ कि यह कोर्स काफी कठिन है। इस साल भी हालात लगभग वैसे ही रहने वाले हैं। मेरा मानना है कि सप्ताह के साथ यह कोर्स और कठिन होता जाएगा, लेकिन मुझे इस टूर्नामेंट में वापस आकर खेलना बहुत पसंद है।’’

भाषा आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में