टैंगियेर (मोरक्को), 26 मार्च (भाषा) भारत के स्कीट निशानेबाजों को शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले सत्र के पहले आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप के शुरुआती दिन कई मंझे हुए खिलाड़ियों का सामना करना पड़ेगा जिससे उनके लिए पदक हासिल करना आसान नहीं होगा।
इस प्रतियोगिता में कई चोटी के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन की शुरुआत पुरुष और महिला दोनों वर्ग में 75 निशानों के साथ होगी। बाकी 50 निशाने और फाइनल रविवार को होगा।
भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में अधिकतम छह खिलाड़ियों को रखने का कोटा पूरा किया है। इसके साथ ही पुरुष और महिला दोनों वर्गों में दो-दो ऐसे निशानेबाज भी शामिल हैं जो केवल रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
महिला वर्ग में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें चिली की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन फ्रांसिस्का क्रोवेटो चादिद और अमेरिका की विश्व चैंपियन सामंथा सिमोंटन भी शामिल हैं।
इटली की दो बार की ओलंपिक और विश्व चैंपियन डायना बाकोसी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। उनके अलावा अमेरिका की पूर्व विश्व चैंपियन दानिया जो विज्जी और कजाकिस्तान की विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता असीम ओरिनबे प्रतिस्पर्धा को कड़ा बना देती हैं।
भारतीय टीम में ओलंपियन माहेश्वरी चौहान और दोनों बहनें दर्शना राठौर और यशस्वी राठौर शामिल हैं।
दोनों बहनों में सबसे छोटी यशस्वी ने 68वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया था और पिछले साल शिमकेंट में एशियाई चैंपियनशिप में जूनियर वर्ग में रजत पदक भी जीता था।
भारत की तरफ से अरीबा खान और मानसी रघुवंशी भी रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
पुरुषों के वर्ग में 82 प्रतिभागी अपनी किस्मत आजमाएंगे, जिनमें डेनमार्क के 2025 के विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एमिल केल्डगार्ड पीटरसन का नाम सबसे ऊपर है।
पिछले सत्र के विश्व कप फाइनल के विजेता अमेरिका के क्रिश्चियन इलियट, इटली के दो बार के ओलंपिक चैंपियन गैब्रिएल रोसेटी, तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता डेनमार्क के जेस्पर हैनसेन और कतर के पूर्व विश्व चैंपियन और एशियाई खेलों के चैंपियन मसूद सालेह अल-अथबा प्रतियोगिता में शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं।
पहली बार कनाडा का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी अंगद वीर सिंह बाजवा भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। वह पिछले साल तक भारत की तरफ से खेल रहे थे।
भारत की उम्मीदें अनुभवी मान सिंह और परम्पल सिंह गुरोन के साथ-साथ ज्योतिरादित्य सिंह सिसोदिया पर टिकी होंगी, जो सीनियर स्तर पर किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदार्पण कर रहे हैं।
पूर्व एशियाई चैंपियन मान सिंह तीन साल बाद टीम में वापसी कर रहे हैं, जबकि परम्पल ने आखिरी बार 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
ज्योतिरादित्य ने पिछले साल शिमकेंट एशियाई चैंपियनशिप में अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जूनियर कांस्य पदक जीता था और वह भारत के लिए सीनियर स्तर पर पदार्पण करने के लिए पूरी तरह से उत्सुक होंगे।
सुखबीर सिंह हरिका और जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन हरमेहर सिंह लल्ली रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
भाषा
पंत आनन्द
आनन्द