चार मैच की श्रृंखला के लिए अर्जेंटीना का दौरा करेगी भारतीय महिला हॉकी टीम

चार मैच की श्रृंखला के लिए अर्जेंटीना का दौरा करेगी भारतीय महिला हॉकी टीम

चार मैच की श्रृंखला के लिए अर्जेंटीना का दौरा करेगी भारतीय महिला हॉकी टीम
Modified Date: April 7, 2026 / 11:52 am IST
Published Date: April 7, 2026 11:52 am IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) भारत की सीनियर महिला हॉकी टीम चार मैचों की श्रृंखला के लिए अर्जेंटीना का दौरा करेगी। इस श्रृंखला के मैच 13 से 17 अप्रैल तक ब्यूनस आयर्स के सीएएनएआरडी में खेले जाएंगे।

भारतीय टीम अपने मैच 13, 14, 16 और 17 अप्रैल को अर्जेंटीना के नेशनल सेंटर ऑफ हाई परफार्मेंस एथलेटिक्स सेंटर (जिसे सीएएनएआरडी के नाम से भी जाना जाता है) में खेलेगी।

भारत और अर्जेंटीना के बीच हाल में कुछ कड़े मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पिछले साल जून में एफआईएच प्रो लीग 2024-25 का मैच भी शामिल है जिसका फैसला 2-2 से बराबर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में किया गया।

भारतीय टीम का यह दौरा बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप और इस साल के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इससे भारतीय टीम को विभिन्न संयोजन आजमाने का मौका भी मिलेगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘‘हम 24 खिलाड़ियों की टीम के साथ अर्जेंटीना जा रहे हैं। यह एक सोच-समझकर लिया गया निर्णय है। इस दौरे का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने का मौका देना है। अर्जेंटीना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है और इस श्रृंखला से हमें प्रति खिलाड़ी को परखने का मौका मिलेगा। हम देखना चाहते हैं कि जरूरत पड़ने पर कौन बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस टीम में जगह बनाने के लिए आपको सबसे पहले यह साबित करना होगा कि आप एक ‘टीम प्लेयर’ हैं। व्यक्तिगत प्रतिभा महत्वपूर्ण है लेकिन अगर आप इस टीम के साथ तालमेल नहीं बिठा सकते और एक-दूसरे की मदद नहीं कर सकते हैं तो आपके लिए इस टीम में जगह बनाना मुश्किल होगा।’’

पुरुषों और महिलाओं दोनों का विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में एक साथ आयोजित किया जाएगा, जबकि एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में