अल्माटी (कजाखस्तान) चार मई (भाषा) भारत की गनेमत सेखों ने 75 में से 70 अंक हासिल करके पहले दिन का समापन नौवें स्थान पर किया, जबकि अनुभवी मैराज अहमद खान को सोमवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप शॉटगन में स्कीट प्रतियोगिता में एक और निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा।
गनेमत फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में मजबूती से बनीं हुई हैं। क्वालीफिकेशन में अभी 50 निशाने बचे हुए हैं और शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल में जगह बनाएंगे। तीन साल पहले यहां रजत पदक जीतने वाली चंडीगढ़ की गनेमत आठवें स्थान पर काबिज निशानेबाज से एक अंक पीछे हैं।
पुरुष वर्ग में अनुभवी मैराज अहमद खान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 50 वर्षीय खिलाड़ी ने 25 निशाने के साथ बेहतरीन शुरुआत की, लेकिन इसके बाद 23 और 23 के स्कोर के साथ कुल 71 अंक बनाकर 26वें स्थान पर हैं।
ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरुका ने भी 25 के परफेक्ट स्कोर से शुरुआत की, लेकिन बाद में 23 और 21 के साथ उनका कुल स्कोर 69 है। गुरजोत सिंह खंगूरा ने 22, 24 और 24 के स्कोर के साथ कुल 70 अंक बनाए और 33वें स्थान पर हैं।
महिला वर्ग में राइजा ढिल्लों ने 69 (22, 23, 24) का स्कोर किया, जबकि परिनाज़ धालीवाल 66 (22, 21, 23) के साथ तालिका में काफी पीछे हैं।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर