फीनिक्स, 24 मई (एपी) ईरान फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने शनिवार को कहा कि फीफा से मंजूरी मिलने के बाद उनकी टीम के आधार शिविर को अमेरिका से मैक्सिको में स्थानांतरित कर दिया गया है।
मेहदी ताज ने एक बयान में यह जानकारी दी हालांकि अभी तक फीफा ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
ईरान को एरिजोना के टक्सन में अभ्यास शिविर लगाना था, लेकिन मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध और सुरक्षा चिंताओं के कारण इसे कहीं और स्थानांतरित करने की संभावना बनी हुई थी। टक्सन के कीनो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अधिकारियों ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
महासंघ का कहना है कि टीम अब सैन डिएगो के ठीक दक्षिण में स्थित मैक्सिको के तिजुआना में ठहरेगी। इस वर्ष विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक चलेगा। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको मिलकर इसकी मेजबानी कर रहे हैं।
ताज ने बयान में कहा, ‘‘विश्व कप में भाग लेने वाले सभी देशों को अपने आधार शिविर के लिए फीफा से मंजूरी लेनी होती है। सौभाग्य से फीफा और विश्व कप के अधिकारियों के साथ इस्तांबुल में हुई बैठकों के बाद हमारी टीम के आधार शिविर को अमेरिका से मैक्सिको में स्थानांतरित करने का हमारा अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है।’’
ईरान विश्व कप में अपना पहला मैच ग्रुप जी में 15 जून को कैलिफोर्निया के इंग्लेवुड में न्यूजीलैंड के खिलाफ और फिर इसके छह दिन बाद इसी स्थान पर बेल्जियम के खिलाफ खेलेगा। वह ग्रुप चरण के अपने अंतिम मैच में 26 जून को सिएटल में मिस्र का सामना करेगा।
एपी
पंत
पंत