यह सिर्फ एक नंबर है, किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी के लिये तैयार : तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी को लेकर जुरेल

यह सिर्फ एक नंबर है, किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी के लिये तैयार : तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी को लेकर जुरेल

यह सिर्फ एक नंबर है, किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी के लिये तैयार : तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी को लेकर जुरेल
Modified Date: April 11, 2026 / 12:19 pm IST
Published Date: April 11, 2026 12:19 pm IST

गुवाहाटी, 11 अप्रैल (भाषा) आईपीएल के इस सत्र में चार पारियों में दो अर्धशतक लगा चुके विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करके खुश हैं हालांकि उन्होंने कहा कि यह महज एक ‘नंबर’ है और वह किसी भी क्रम पर उतरने के लिये तैयार हैं ।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जुरेल उस समय क्रीज पर आये जब राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 21 रन था । जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर टीम को लगातार चौथी जीत दिलाई ।

जुरेल ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मैं पिछले साल पांचवें छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहा था । आखिर में तो लक्ष्य मैच जीतना होता है । प्रबंधन ने मुझ पर भरोसा करके तीसरे नंबर पर भेजा है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ यह महज एक नंबर है । मैं कोई विशेष नंबर नहीं चाहता । मेरा स्वभाव ऐसा ही है । अगर मुझे आठवें नौवें नंबर पर भी भेजेंगे तो मैं योगदान देकर खुश रहूंगा । टीम को जहां मेरी जरूरत है, मैं तैयार हूं ।’’

रॉयल्स के लिये वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंद में 78 रन बनाये ।

जुरेल ने कहा ,‘‘ जब मैं तीसरे नंबर पर उतरता हूं तो वह मेरा काम आसान कर देता है । वैभव हर गेंद पर पीट रहा था और उसे देखकर आपको लगता है कि विकेट में कुछ नहीं है । क्रिकेट उतना आसान नहीं है जितना वह बना देता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ जब आपको पता है कि वह गेंद को बखूबी पीट रहा है और दबाव भी है कि वह इतना अच्छा खेल रहा है और मुझे भी कुछ करना है । ऐसे में भी आसानी होती है क्योंकि आपको लगता है कि वह इतना अच्छा खेल रहा है तो मैं भी खेल सकता हूं ।’’

भाषा

मोना

मोना


लेखक के बारे में