नांटेस (फ्रांस), पांच जून (एपी) गुएला डूए ने एक गोल किया और निर्णायक गोल करने में मदद की जिससे आइवरी कोस्ट ने विश्व कप फुटबॉल के अभ्यास मैच में फ्रांस को 2-1 से हरा दिया।
गुएला डूए ने अपने इस प्रदर्शन से न सिर्फ आइवरी कोस्ट की अच्छी तैयारी का सबूत पेश किया बल्कि फ्रांस और उसके डगआउट में मौजूद अपने भाई डेसिरे डूए को भी चौंका दिया।
जब मैच ड्रॉ की तरफ बढ़ रहा था तब अमाद डियालो ने गुएला डूए के दाहिनी ओर से दिए गए निचले क्रॉस को गोल में तब्दील कर दिया।
पहले हाफ के आखिरी मिनट में रायन चेरकी ने दो डिफेंडरों और गोलकीपर याहिया फोफाना को छकाते हुए गोल करके फ्रांस को बढ़त दिलाई थी। आइवरी कोस्ट की तरफ से गुएला डूए ने बराबरी का गोल किया।
फ्रांस विश्व कप के लिए अमेरिका रवाना होने से पहले सोमवार को लिले में उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ एक और अभ्यास मैच खेलेगा। वह विश्व कप में 16 जून को न्यू जर्सी में सेनेगल के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा।
आइवरी कोस्ट और इक्वाडोर के बीच पहला मैच 14 जून को फिलाडेल्फिया में खेला जाएगा।
विश्व कप के एक अन्य दावेदार स्पेन को भी अभ्यास मैच में चौंकाने वाले परिणाम का सामना करना पड़ा। उसे ला कोरुना में खेड़े गए मैच में इराक ने 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया।
फॉरवर्ड लामिन यामल और निको विलियम्स के बिना खेल रहे स्पेन ने फेरान टोरेस के गोल की बदौलत 16वें मिनट में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
इराक की तरफ से मैच समाप्त होने से आधा घंटा पहले मेर्चस डोस्की ने बराबरी का गोल किया।
स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यामल 15 जून को अटलांटा में टीम के विश्व कप के पहले मैच में केप वर्डे का सामना करने के लिए फिट हो जाएंगे।
इराक 16 जून को मैसाचुसेट्स में विश्व कप के अपने पहले मैच में नॉर्वे से भिड़ेगा।
एपी
पंत
पंत