(संपादक: तस्वीरों के साथ)
किंगस्टन, चार मई (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत द्वारा जमैका को उपहार में दिए गए इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड को इस कैरेबियाई देश को समर्पित करते हुए कहा कि क्रिकेट इन दोनों देशों के बीच सेतु का काम करता है।
जयशंकर ने रविवार को एक समारोह में जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस के साथ मिलकर यहां सबीना पार्क में इस इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का अनावरण किया।
इस अवसर पर जयशंकर ने कहा कि क्रिकेट भारत और जमैका के बीच संबंधों को मजबूत बनाता है तथा भारत में एक अरब से अधिक लोग इस खेल को पूरे जुनून के साथ देखते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘खेल साझा अनुभव और आपसी सम्मान को बढ़ावा देकर देशों को करीब लाते हैं। जहां तक भारत और जमैका के संबंधों की बात है तो क्रिकेट का इसमें विशेष महत्व है।’’
किंगस्टन स्थित सबीना पार्क जमैका क्रिकेट टीम का घरेलू मैदान है। यह वेस्टइंडीज के इस राष्ट्र का एकमात्र टेस्ट क्रिकेट मैदान है।
सबीना पार्क के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जयशंकर ने कहा कि इस मैदान से भारतीय क्रिकेट की विशेष यादें जुड़ी हुई हैं, जिसमें दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ का शतक और 2011 में विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण शामिल है।
जयशंकर ने इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘भारत और जमैका की कहानी रनों में लिखी गई है, सम्मान में लिखी गई है, दोस्ती में लिखी गई है। प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस जेएम के साथ सबीना पार्क में भारत द्वारा उपहार में दिए गए इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का औपचारिक रूप से अनावरण किया।’’
जयशंकर ने कहा कि अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड जमैका में क्रिकेट प्रेमियों के लिए अनुभव को बेहतर बनाएगा और यह दोनों देशों के बीच स्थायी क्रिकेट भागीदारी का प्रमाण है।
जयशंकर ने आशा व्यक्त की कि नया स्कोरबोर्ड कई यादगार पारियों का गवाह बनेगा, जिनमें वे पारियां भी शामिल होंगी जो दोनों देशों के बीच अटूट मित्रता का प्रतीक होंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य की कई महान पारियों को इस स्कोरबोर्ड पर दर्ज किया जाएगा। उनमें से एक भारत-जमैका की मित्रता की पारी भी हो।’’
जमैका की समृद्ध क्रिकेट विरासत के बारे में उन्होंने कहा कि जॉर्ज हेडली, माइकल होल्डिंग, कर्टनी वॉल्श, क्रिस गेल और एंड्रयू रिचर्डसन जैसे महान खिलाड़ियों के इस देश को विश्व स्तर पर अपार सम्मान प्राप्त है।
जयशंकर ने कहा कि जमैका के क्रिकेटरों को भारतीय प्रशंसकों से भरपूर समर्थन मिलता है, जिसमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) भी शामिल है।
जयशंकर ने इस समारोह में गेल की अनुपस्थिति पर भी ध्यान दिलाया और कहा कि उनकी कमी महसूस की गई।
भाषा
पंत
पंत