लंदन, दो अगस्त (भाषा) यशस्वी जायसवाल (118) की शतकीय पारी से भारत ने पांचवें टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ चाय के विश्राम तक छह विकेट पर 304 रन बना लिए।
भारत की बढ़त 281 रन तक पहुंच गयी जबकि उसके चार विकेट शेष है।
चाय के विश्राम के लिए खेल रोको जाते समय रविंद्र जडेजा (26) के साथ विकेटकीपर ध्रुव जुरेल (25) क्रीज पर मौजूद थे। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 31 रन की अटूट साझेदारी कर ली है।
जायसवाल ने 164 गेंद की पारी में 14 चौके और दो छक्के की मदद से इस दौरे का दूसरा शतक जड़ा।
दिन के शुरुआती सत्र में असरहीन रहे इंग्लैंड के गेंदबाजों ने हालांकि इस सत्र में कप्तान शुभमन गिल (11) , करुण नायर (17) और जायसवाल के विकेट झटक कर अच्छी वापसी की।
गस एटकिंसन ने सत्र की पहली ही गेंद पर गिल को पगबाधा करने के बाद नायर को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया।
जायसवाल जोस टंग के खिलाफ आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश में बैकवर्ड प्वाइंट बाउंड्री के पास जैमी ओवरटन को कैच दे बैठे।
भाषा आनन्द
आनन्द