नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की हालिया जीत इस क्षेत्र में क्रिकेट ढांचे का विकास करने में ‘लगातार निवेश’ के असर को दिखाती है।
जम्मू-कश्मीर ने पिछले हफ्ते हुबली में आठ बार के चैंपियन कर्नाटक को ड्रॉ पर रोककर पहली पारी की बढ़त के आधार पर अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीता। टीम ने कर्नाटक पर पहली पारी में 291 रन की बढ़त हासिल की थी।
जम्मू-कश्मीर की विजेता टीम के सदस्यों से मिलने के बाद शाह ने कहा, ‘‘भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक शानदार अध्याय लिखने के लिए पूरी जम्मू-कश्मीर टीम और क्रिकेट जगत को बधाई। उनकी तरक्की इस इलाके में जमीनी स्तर के क्रिकेट और बुनियादी ढांचे में लगातार निवेश के सकारात्मक असर को दिखाती है।’’
शाह ने बीसीसीआई सचिव के तौर पर अपने समय के दौरान घाटी में क्रिकेट के माहौल को विकसित करने में खास दिलचस्पी ली थी और अक्सर तरक्की का जायजा लेने के लिए इलाके का दौरा करते थे।
जम्मू-कश्मीर टीम ने इलाके में क्रिकेट के विकास में शाह के योगदान को स्वीकार किया।
टीम ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हम टीम से मिलने के लिए समय निकालने और इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए शाह को दिल से धन्यवाद देते हैं।’’
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘बातचीत में टीम की तरक्की और घरेलू क्रिकेट में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों के लिए बढ़ते मौकों पर रोशनी डाली गई।’’
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द