जुरेल के 75 रन से रॉयल्स के छह विकेट पर 210 रन

Ads

जुरेल के 75 रन से रॉयल्स के छह विकेट पर 210 रन

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 09:48 PM IST

अहमदाबाद, चार अप्रैल (भाषा) ध्रुव जुरेल के 42 गेंद में 75 रन और यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल के मैच में छह विकेट पर 210 रन बनाये ।

जायसवाल ने 36 गेंद में 55 रन बनाये जबकि सूर्यवंशी ने 18 गेंद में 31 रन की पारी खेली । दोनों ने पहले विकेट के लिये सिर्फ 6 . 2 ओवर में 70 रन बना डाले ।

जुरेल ने तीसरे नंबर पर उम्दा बल्लेबाजी करते हुए 150 से ऊपर की स्ट्राइक रेट के बावजूद बेहतरीन क्रिकेट शॉट्स खेले । उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाये ।

गुजरात टाइटंस के लिये अपना दूसरा आईपीएल मैच खेल रहे अशोक शर्मा ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया । उन्होंने लगातार 145 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी की और 154 . 2 किमी प्रति घंटा की गति से भी गेंद डाली ।

जुरेल ने राशिद खान को डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा । मांसपेशी में ऐंठन के कारण शुभमन गिल नहीं खेल रहे हैं जिनकी जगह राशिद गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर रहे थे । इससे पहले रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और उनके सलामी बल्लेबाजों ने निराश नहीं किया ।

सूर्यवंशी और जायसवाल पिछले सत्र से ही आईपीएल में पारी की शुरूआत साथ कर रहे हैं लेकिन आईपीएल के इतिहास में 500 से अधिक रन की साझेदारी करने वाली 113 जोड़ियों में से इन दोनों की रन बनाने की गति 12 . 04 प्रति ओवर है । ये सूची में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा (12.57) और सुनील नारायण और फिल साल्ट ( 12 . 46) से ही पीछे हैं ।

गुजरात के तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक को पिच से अतिरिक्त उछाल और रफ्तार मिली जिससे पावरप्ले में शॉट लगाना आसान हो गया क्योंकि बल्लेबाजों ने उसी गति का इस्तेमाल किया ।

सूर्यवंशी को राशिद ने आउट किया जिसके बाद जुरेल और जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिये 56 रन जोड़े ।

भाषा मोना नमिता

नमिता