ओलंपिक 2028 में कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के लिये प्रयास करूंगी : ज्योति सुरेखा
ओलंपिक 2028 में कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के लिये प्रयास करूंगी : ज्योति सुरेखा
(फिलेम दीपक सिंह)
नागोया, 30 सितंबर (भाषा) भारत की शीर्ष कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम व्यक्तिगत स्पर्धा में भले ही पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रही हो लेकिन उन्हें वापसी करके लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में जगह बनाने की उम्मीद है ।
30 वर्ष की ज्योति ने शंघाई में 2024 के बाद से विश्व कप में व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण नहीं जीता है । उन्होंने आखिरी अंतरराष्ट्रीय व्यक्तिगत पदक 2025 मैड्रिड विश्व कप में रजत जीता था ।
वह हांगझोउ एशियाई खेलों में जीता व्यक्तिगत कंपाउंड स्वर्ण बरकरार नहीं रख सकी और कोरिया की 14 वर्ष की कांग यिओनसियो से हारकर बाहर हो गई । मिश्रित टीम वर्ग में भी वह क्वालीफिकेशन में 13वें स्थान पर रही और चिकिता तानीपर्थी ने भारतीय टीम में जगह बनाकर स्वर्ण भी जीता ।
ज्योति ने कहा ,‘‘ मेरे पास दो साल और है । भारत को एक कोटा मिल गया है जो अच्छी बात है । मैं भी प्रयास करूंगी । एशियाई खेलों के बाद थोड़ा ब्रेक लेकर इसके बारे में सोचूंगी ।’’
तानीपर्थी और प्रिथिका प्रदीप के साथ महिला टीम वर्ग का स्वर्ण जीतने वाली ज्योति को यकीन है कि वह 2030 खेलों में भाग लेंगी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ अभी तैयारी के लिये चार साल है । मैं मेहनत करती रहूंगी और अनुशासित अभ्यास करूंगी । यही कह सकती हूं ।’’
भाषा
मोना नमिता
नमिता

Facebook


