तिरुवनंतपुरम, 1 जुलाई (भाषा) केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने बुधवार को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एस श्रीसंत पर पिछले साल लगाए गए तीन साल के प्रतिबंध को हटा लिया। यह प्रतिबंध केसीए के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के कारण लगाया गया था।
केसीए के बयान के मुताबिक उसकी आम सभा की विशेष बैठक में प्रतिबंध हटाने का फैसला किया।
बयान में कहा गया, ‘‘बैठक में सर्वसम्मति से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया गया। साथ ही केसीए ने श्रीसंत को चेतावनी दी कि अगर वह भविष्य में ऐसी हरकतें दोहराते हैं तो उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।’’
बयान में कहा गया है कि यह फैसला क्रिकेटर के बिना शर्त माफी मांगने और केसीए के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताने के बाद किया गया।
बयान के अनुसार श्रीसंत पर यह प्रतिबंध पिछले केरल क्रिकेट लीग (केसीएल) के मुकाबलों से पहले लगाया गया था। उन्होंने कथित तौर पर टीवी और सोशल मीडिया पर केसीए के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।
आरोप है कि श्रीसंत ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में संजू सैमसन को शामिल नहीं किए जाने से जुड़े विवाद के सिलसिले में केसीए के खिलाफ झूठे और अपमानजनक बयान दिए।
टीवी पर हुई एक चर्चा के दौरान श्रीसंत ने कथित तौर पर सैमसन को अपना समर्थन देने और उनकी तथा केरल के अन्य खिलाड़ियों की रक्षा करने का वादा किया। उन्होंने साथ ही केसीए पर आरोप भी लगाए।
उनके ये बयान तब आए जब केसीए की इस बात के लिए आलोचना हो रही थी कि उसने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए केरल की टीम से सैमसन को बाहर कर दिया। माना जाता है कि इससे भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम में उनके चुने जाने की संभावनाओं पर असर पड़ा था।
केसीए द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद श्रीसंत ने दावा किया था कि उन्होंने बस संजू के प्रति समर्थन जताया था।
उन्होंने कहा था, ‘‘मैंने बस यही एक अच्छा काम किया है। मैंने संघ के खिलाफ और कुछ नहीं कहा है।’’
इसके बाद उन्होंने केसीए के फैसले को चुनौती देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था लेकिन उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।
बयान में कहा गया है कि इसके बाद क्रिकेटर ने औपचारिक रूप से केसीए से बिना शर्त माफी मांगी और अपनी टिप्पणियों के लिए खेद व्यक्त किया।
बयान में आगे कहा गया है कि प्रतिबंध हटने के साथ श्रीसंत लीग के तीसरे सत्र में केसीएल टीम ‘एरीज कोल्लम सेलर्स’ के सह मालिक बने रह सकते हैं।
भाषा सुधीर
सुधीर