कराची, एक जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक खनन स्थल से एक निजी खनन कंपनी के छह श्रमिकों के अपहरण के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
इन छह लोगों का अपहरण अज्ञात हथियारबंद लोगों ने किया, जिन्होंने मंगलवार को हरनाई जिले के दूरस्थ पर्वतीय जरघून गार क्षेत्र में खनन क्षेत्र पर धावा बोल दिया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हथियारबंद लोगों ने खनन स्थल पर धावा बोला और छह श्रमिकों को अपने साथ ले गये।’’
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एक अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि वे सभी छह श्रमिक अलग-अलग प्रांतों से थे और पश्तून पृष्ठभूमि से संबंधित थे।
इससे पहले भी निर्माण और खनन स्थलों से संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा विभिन्न प्रतिबंधित विद्रोही संगठनों से जुड़े होने के शक में श्रमिकों के अपहरण की कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
मई में, बलूचिस्तान के गैस-समृद्ध डेरा बुगती क्षेत्र में उग्रवादियों ने दो पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों का अपहरण कर लिया था।
अपहरण का यह मामला उस घटना के ठीक तीन दिन बाद सामने आया, जब प्रांत के कलात क्षेत्र से एयरपोर्ट सुरक्षा बल (एएसएफ) के एक अधिकारी और उनके सहयोगी का अपहरण कर लिया गया था।
भाषा
देवेंद्र रंजन
रंजन