केआईटीजी : झारखंड के शिव कुमार और पृथ्वी उरांव को 100 मीटर में स्वर्ण पदक

Ads

केआईटीजी : झारखंड के शिव कुमार और पृथ्वी उरांव को 100 मीटर में स्वर्ण पदक

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 07:43 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 07:43 PM IST

रायपुर, 31 मार्च (भाषा) झारखंड के स्प्रिंटर शिव कुमार सोरेन और पृथ्वी उरांव ने मंगलवार को यहां आयोजित पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ (केआईटीजी) की 100 मीटर स्पर्धा में क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए सिद्धार्थ नागेश ने गोला फेंक में स्वर्ण और चक्का फेंक में रजत पदक जीता जबकि तिलक बारसेल ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया।

शिव कुमार और पृथ्वी ने अपने वर्गों की 100 मीटर की दौड़ में अपने राज्य के लिए ‘गोल्डन डबल’ (दो स्वर्ण पदक) हासिल किया। शिव कुमार ने 10.58 सेकंड का समय लिया जबकि बारसेल ने 10.87 सेकंड से रजत पदक जीता। ओडिशा के आतिश किंडो (10.91 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की 100 मीटर दौड़ के फाइनल में 16 वर्षीय पृथ्वी ने 12.73 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता।

नगालैंड की रुडुओल्हुनुओ बेल्हो (12.90 सेकंड) और झारखंड की पुतुल बख्शी (13.03 सेकंड) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।

जगदलपुर में बेमौसम बारिश के कारण कल शाम का एथलेटिक्स सत्र रद्द हो गया था इसलिए आज सुबह का सत्र काफी व्यस्त रहा जिसमें सात फ़ाइनल मुक़ाबले हुए।

पदक तालिका में कर्नाटक 19 स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदक के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है जबकि ओडिशा 13 स्वर्ण, आठ रजत और 15 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है।

झारखंड ने सात स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक के साथ रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। छत्तीसगढ़ दो स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में 10वें स्थान पर है।

भाषा नमिता

नमिता