क्लासेन और किशन ने सनराइजर्स को चार विकेट पर 235 रन तक पहुंचाया
क्लासेन और किशन ने सनराइजर्स को चार विकेट पर 235 रन तक पहुंचाया
हैदराबाद, छह मई (भाषा) हेनरिच क्लासेन और ईशान किशन के अर्धशतकों और पंजाब किंग्स के लचर क्षेत्ररक्षण की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल के मैच में बुधवार को चार विकेट पर 235 रन बनाये ।
अभिषेक शर्मा ( 13 गेंद में 35 रन) और ट्रेविस हेड (19 गेंद में 38 रन ) ने अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन की गेंदों की धुनाई करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की । इसके बाद क्लासेन (43 गेंद में 69 रन) और ईशान (32 गेंद में 55 रन ) ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतक लगाये ।
नीतिश रेड्डी ने 13 गेंद में नाबाद 29 रन का योगदान दिया ।
पिच से गेंदबाजों को बिल्कुल मदद नहीं मिली जिसे देखते हुए चहल का प्रदर्शन काबिले तारीफ कहा जायेगा । उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया । उन्हें तीन विकेट मिले होते लेकिन शशांक सिंह ने एक आसान कैच छोड़ा और प्रभसिमरन सिंह ने स्टम्पिंग का आसान मौका गंवाया ।
पंजाब ने तीन कैच टपकाये जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ सकता है ।
सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने 17 छक्के जड़े । अभिषेक ने इनमें से चार, हेड ने तीन , ईशान और क्लासेन ने चार चार छक्के लगाये ।
पंजाब के लिये अर्शदीप ने चार ओवर में 43 रन देकर एक विकेट लिया जबकि यानसेन ने 61 रन दे डाले और कोई सफलता नहीं मिली ।
ईशान ने विजयकुमार विशाख को लगातार तीन छक्के लगाकर अपने चिर परिचित फॉर्म की झलक दिखाई । अभिषेक ने यानसेन को लांग आफ और लांग आन पर छक्के लगाये । उन्होंने लॉकी फर्ग्युसन को पूल शॉट खेलकर टीम के 50 रन पूरे किये । अभिषेक पांचवां छक्का जड़ने के प्रयास में मिड आफ पर श्रेयस अय्यर को कैच दे बैठे ।
उनके जाने के बाद हेड ने मिडविकेट पर दो सपाट छक्के लगाये । वह लगातार तीसरा अर्धशतक जमाने से हालांकि चूक गए ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


