लवलीना, अल्फिया एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में

Ads

लवलीना, अल्फिया एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में

  •  
  • Publish Date - November 9, 2022 / 08:56 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:43 PM IST

नयी दिल्ली, नौ नवंबर (भाषा) ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और एलोर्डा कप चैंपियन अल्फिया पठान ने बुधवार को जॉर्डन के अम्मान में एएसबीसी एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल के अपने-अपने मुकाबले में दमदार प्रदर्शन कर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की।

लवलीना (75 किग्रा) ने सेमीफाइनल  में दक्षिण कोरिया की सेओंग सुयोन के खिलाफ अपनी रणनीति का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए सर्वसम्मत निर्णय से 5-0 से जीत हासिल की।

एशियाई चैम्पियनशिप में दो कांस्य पदक जीत चुकी लवलीना ने इस सत्र में रजत पदक पक्का कर प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सुनिश्चित किया।

अल्फिया (81+ किग्रा) ने भी सेमीफाइनल में दमदार खेल दिखाते हुए 2016 की विश्व चैंपियन कजाकिस्तान की लज्जत कुंगेइबायेवा को 5-0 से हराकर जीत हासिल की। अल्फिया ने इस दिग्गज मुक्केबाज को दूसरी बार हराया है।

फाइनल में लवलीना के सामने 2021 एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता रुज्मेतोवा सोखीबा की चुनौती होगी तो वहीं अल्फिया का सामना जॉर्डन की इस्लाम हुसैली से होगा।

दिन के अन्य सेमीफाइनल में अंकुशिता बोरो (66 किग्रा) ने उज्बेकिस्तान की खामिदोवा नवबखोर के खिलाफ 1-4 की शिकस्त से कांस्य पदक हासिल किया।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर