एमबाप्पे ने दो गोल करके मेस्सी की बराबरी की, फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराया

एमबाप्पे ने दो गोल करके मेस्सी की बराबरी की, फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराया

एमबाप्पे ने दो गोल करके मेस्सी की बराबरी की, फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराया
Modified Date: July 1, 2026 / 08:49 am IST
Published Date: July 1, 2026 8:49 am IST

ईस्ट रदरफोर्ड, एक जुलाई (एपी) दिग्गज फुटबॉलर काइलियन एमबाप्पे के दो गोल की मदद से फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के अंतिम 16 में जगह बनाई जहां उसका सामना पराग्वे से होगा।

एमबाप्पे ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए 45वें मिनट में एक शानदार क्रॉसओवर शॉट से फ्रांस को बढ़त दिलाई और फिर दूसरे हाफ में एक और गोल करके विश्व कप के नॉकआउट राउंड में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाया।

फ्रांस के लिए ब्रैडली बारकोला ने भी 53वें मिनट में एक गोल किया। एमबाप्पे ने 74वें मिनट में टीम की तरफ से तीसरा गोल दागकर उसकी जीत सुनिश्चित कर दी।

यह पिछले चार मैच में तीसरा अवसर है जबकि एमबाप्पे ने मैच में दो गोल किए। मौजूदा टूर्नामेंट में अब उनके छह गोल हो गए हैं और उन्होंने अर्जेंटीना के फॉरवर्ड लियोनेल मेस्सी की बराबरी कर ली है। विश्व कप करियर में उनके कुल गोल की संख्या 18 हो गई है, जो मेस्सी के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है।

एमबाप्पे अब विश्व कप के नॉकआउट राउंड में 10 गोल कर चुके हैं जो ब्राजील के दिग्गज लियोनिडास और रोनाल्डो के पिछले रिकॉर्ड से दो अधिक हैं। यह स्टार खिलाड़ी 85वें मिनट में जब सब्स्टीट्यूट किए जाने के बाद बेंच पर आया तो फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने झुककर उनका अभिवादन किया।

चार साल पहले विश्व कप में उपविजेता रही और इस बार टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार फ्रांस ने अब तक टूर्नामेंट में 13 गोल किए हैं और उसके खिलाफ केवल दो गोल हुए हैं। उसकी तरफ से माइकल ओलिस ने पांच गोल में मदद की है।

फ्रांस ने मैच में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और स्वीडन को किसी भी समय वापसी का खास मौका नहीं दिया। फ्रांस ने इस मैच में 25 बार गोल करने के मौके बनाए जबकि स्वीडन केवल सात बार भी ऐसा कर पाया। पहले हाफ में यह आंकड़ा 15-3 का था।

लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने की कवायद में लगा फ्रांस चार जुलाई को फिलाडेल्फिया में पराग्वे के खिलाफ खेलेगा, जिसे जर्मनी को बाहर का रास्ता दिखाया।

मैच जब शाम पांच बजे शुरू हुआ, तब तापमान 90 डिग्री फ़ारेनहाइट (32 डिग्री सेल्सियस) था, धूप खिली हुई थी और उमस थी, साथ ही हवा की गुणवत्ता भी खराब थी।

एमबाप्पे ने 32वें मिनट में पोस्ट पर शॉट मारा और निराशा में दोनों हाथ ऊपर उठा लिए। इसके चार मिनट बाद ही फ्रांस पेनल्टी एरिया के ठीक अंदर से ओलिस के शानदार बाइसाइकिल किक पर बढ़त बनाने के करीब पहुंच गया, लेकिन उनका शॉट पोस्ट से टकराकर वापस आ गया।

एमबाप्पे हालांकि पहले हाफ में फ्रांस को बढ़त दिलाने में कामयाब रहे। ओलिस ने ओस्मान डेम्बेले को पास किया, जिन्होंने उसे एमबाप्पे को थमाया। एमबाप्पे ने विक्टर ग्योकेरेस को चकमा देने के लिए क्रॉसओवर स्टेप लिया और छह गज के बॉक्स के ठीक बाहर से एक तिरछा शॉट लगाया जो दूर वाले पोस्ट के अंदर चला गया।

एमबाप्पे ने अपना 61वां अंतरराष्ट्रीय गोल मनाने के लिए मैदान के बीचोंबीच दौड़ लगाई और फिर वे बेंच की ओर दौड़कर डेसचैम्प्स को गले लगाने पहुंचे, जो अपनी मां के अंतिम संस्कार के लिए फ्रांस जाने के बाद इस मैच के लिए वापस लौटे थे।

फ्रांस के दूसरे गोल की शुरुआत गुस्ताफ लैगरबिएलके से गेंद छीनने से हुई। ऑरेलियन टचमेनी ने ओलिस को पास दिया, जिन्होंने लैगरबिएलके को चकमा दिया और बारकोला ने बीच में गेंद को हल्का सा स्पर्श करते हुए गोल में डाल दिया।

फ्रांस के तीसरे गोल की नींव रखने वाले एमबाप्पे ने बारकोला को बैकहील पास देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। बारकोला ने उसे ओलिस की तरफ बढ़ाया जिन्होंने उसे पेनल्टी एरिया में एमबाप्पे तक पहुंचाया। उन्होंने गेंद पर नियंत्रण बनाकर दूर वाले गोलपोस्ट के अंदर गोल दाग दिया।

स्टेडियम में मौजूद 80,663 दर्शकों में अधिकतर फ्रांस के प्रशंसक थे। इससे टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 50 लाख से अधिक दर्शकों का आंकड़ा पार हो गया है।

ए़पी

पंत

पंत


लेखक के बारे में